14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP TOP 10 NEWS: राजधानी में बढ़ रहा संक्रमण, चार थानों में लॉकडाउन

राजधानी में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए चार थाना क्षेत्रों में 24 जुलाई की रात 10 बजे तक लॉकडाउन लगाया गया है

5 min read
Google source verification
UP TOP 10 NEWS: राजधानी में बढ़ रहा संक्रमण, चार थानों में लॉकडाउन

UP TOP 10 NEWS: राजधानी में बढ़ रहा संक्रमण, चार थानों में लॉकडाउन

लखनऊ के चार थानों में लॉकडाउन

लखनऊ. राजधानी में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए चार थाना क्षेत्रों में 24 जुलाई की रात 10 बजे तक लॉकडाउन लगाया गया है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने कहा है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण को रोकने, टेस्टिंग, कांटेक्ट ट्रेसिंग, हॉस्पिटल मैनेजमेंट, कंटेनमेंट जोन आदि गतिविधियों में लगाए गए अधिकारी और कर्मचारी कहीं भी शिथिलता करते पाए जाएंगे तो एपिडेमिक एक्ट की धारा 188 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज होगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाले सीधे जेल भेजे जाएंगे।

यूपी में प्रतिदिन एक लाख टेस्ट का आदेश

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को रोजाना एक लाख टेस्टिंग करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि कोविड-19 को हराने के लिए यह आवश्यक है कि एक कदम आगे का विजन रखा जाए और इसीलिए प्रदेश में एक लाख कोविड टेस्ट प्रतिदिन करने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे क्रियान्वित किया जाए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा टेस्ट किया जाना जरूरी है।

कोरोना संक्रमक युवक ने नस काट कर दी जान

प्रयागराज. एसआरएन अस्पताल में भर्ती फतेहपुर के 28 वर्षीय संक्रमित युवक ने नस काटकर आत्महत्या कर ली। दोपहर में उसने अस्पताल के कोविड आईसीयू में दम तोड़ दिया। मरीज 21 जुलाई को एसआरएन अस्पताल लाया गया था। यहां वार्ड नंबर दस में उसे भर्ती किया गया था। युवक की किडनी खराब थी। एसआरएन अस्पताल में डायलिसिस किया जा रहा था। डॉक्टर्स के मुताबिक सुबह वह बाथरूम गया था। वहीं पर उसने अपने एक हाथ की नस काट ली। तेजी से खून बहने लगे। नस काटने के बाद युवक बाथरूम में पड़ा था। कुछ देर बाद अस्पताल के एक स्टाफ ने देखा तो उसे फौरन कोविड आईसीयू में भर्ती किया गया। दोपहर करीब तीन बजे उसने दम तोड़ दिया।

स्कूल के सामने अभिभावकों ने बजाई ताली

आगरा. कोर्ट आदेश का डर दिखाकर स्कूल मनमानी फीस वसूलने का लगातार दवाब बना रहे हैं। इससे अभिभावकों में आक्रोश है। आगरा में 'थाली बजाओ, कोर्ट का आदेश दिखाओ' कार्यक्रम के तहत प्रोग्रेसिव आगरा पेरेंट्स एसोसिएशन (पापा) सदस्य व अभिभावक सेंट जॉर्जेज कॉलेज यूनिट टू, सेंट जोंस चौराहा पर जुटे और स्कूल गेट पर खड़े होकर विरोध स्वरुप थाली बजाई। साथ ही स्कूल से फीस जमा कराने का कोर्ट आदेश दिखाने की मांग की। संस्था सदस्यों का कहना था कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से फीस जमा कराने को लेकर जारी हुए कोर्ट आदेश की कॉपी मांगी, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। संस्था ने दो दिन का अल्टीमेटम दिया कि स्कूल प्रबंधन या तो फीस जमा करने वाले कोर्ट के आदेश की प्रति सार्वजनिक करें, नहीं तो संस्था स्कूल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर देगी।

बजरंग दल के लीडर को मारी गोली

लखीमपुर खीरी. खीरी में बदमाशों ने बजरंग दल के लीडर को गोली मार दी है। नीमगांव में जुमा की शाम हरदोई से अपने घर वापस लौट रहो बजरंग दल के को-ऑपरेटर संदीप अवस्थी को कार सवार बदमाशों ने गोली मारकर फरार हो गए। बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर गोली मारी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और संदीप अवस्थी को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।

यूपी में 25 करोड़ से अधिक पौधारोपण

लखनऊ. यूपी मात्र एक घंटे के भीतर आठ जिलों में जैवविविधता पर आधारित सर्वाधिक प्रजाति के पौधे रोपित कर दुनिया के नक्शे पर छाने की तैयारी कर रहा है। मंगलवार 28 जुलाई को सुबह 10 से 11 उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ से अधिक पौधारोपण किया जाएगा। यह ऐसा विश्व रिकॉर्ड है जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने पहली बार अपनी कैटेगरी में शामिल किया है। यूपी इस रिकॉर्ड को अपने नाम दर्ज कर हमेशा के लिए प्रथम विजेता बनने का गौरव हासिल कर लेगा। जैवविविधता पर आधारित सर्वाधिक प्रजाति के पौधे रोपित कर विश्व रिकॉर्ड को बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण विभाग ने जिन आठ जिलों को चुना है उनमें लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, बांदा व चित्रकूट हैं।

कोरोना पर जागरुक करने का जिम्मा उठाएगी पुलिस

लखनऊ. कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पुलिस आयुक्त लखनऊ द्वारा एक नई पहल शुरू की गई है। जिसके तहत पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के समस्त थानों के अंतर्गत आने वाली पीआरबी, थाने की द्वितीय मोबाइल, ई-रिक्शा, पी ए सिस्टम के जरिए कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के लिए लखनऊ के जो कंटेनमेंट जोन हैं थाना गाजीपुर, इंदिरा नगर, आशियाना और सरोजनी नगर इनके अलावा पुराने लखनऊ के चौक और कैसरबाग में विशेष तौर से ध्यान दिया जाएगा। लखनऊ पुलिस आयुक्त सुजीत पांडे के मुताबिक कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लखनऊ पुलिस के सभी थानों के अंतर्गत आने वाली पीआरबी के द्वारा कोरोना वायरस संबंधित जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

मोबाइल पर दर्ज होगी गन्ना किसानों की शिकायत

लखनऊ. कोरोना संक्रमण के दौरान किसानों की सुविधा के लिए इस बार उत्तर प्रदेश में गन्ना सर्वेक्षण शत प्रतिशत जीपीएस तकनीक से कराया गया है। किसान गन्ना सर्वेक्षण की स्थिति अपने एन्ड्रायड मोबाइल फोन पर देख सकते हैं। किसानों की गन्ना समितियों के चक्कर न लगाना पड़े इसके लिए सर्वेक्षण संबंधित आपत्तियां विभागीय पोर्टल पर दर्ज करा सकते है। किसानों के गन्ना आवंटन (सट्टा) स्थिति का प्रदर्शन गांववार 30 सितंबर तक किया जाएगा। गन्ना आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि पेराई सत्र 2020-21 के लिए गन्ना आपूर्ति संबंधित आंकड़ें तैयार करने में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। गन्ना क्षेत्र का आकलन करने के लिए इस बार सर्वे कार्य जीपीएस तकनीक से कराया जा रहा है। इससे किसी प्रकार की त्रुटि होने की संभावना नहीं के बराबर होती है।

स्वास्थ्य विभाग के अफसर लगाएंगे कोविड केयर सेंटर पर हाजिरी

वाराणसी. कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कोरोना महामारी से निबटने के लिए सभी महकमे को सचेत किया है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी अपर और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह हर हाल में प्रतिदिन सुबह आठ बजे तक सिगरा, शहीद उद्यान के पास स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में बने एकीकृत कोविड कंट्रोल सेंटर में उपस्थित हों। साथ ही अपने कार्यों को भी संपादित करें। कोविड कंट्रोल सेंटर में एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कराकर पॉजिटिव मरीजों के संबंध में कंट्रोल रूम में प्राप्त सूचना के मुताबिक अस्पतालों में शिफ्टिंग कराना सुनिश्चित कराएं।

मशीनों से होगी ताजमहल परिसर की सफाई

आगरा. ताजमहल परिसर में मिट्टी न उड़े, इसके लिए अब मैनुअल सफाई नहीं होगी। बल्कि दो मशीनों से परिसर की सफाई की जाएगी। दो हैंड हेल्ड मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों की खरीद होगी। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने शुक्रवार को मशीनों की खरीद में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने दस अगस्त तक मशीनों की खरीद करने के आदेश दिए। पथकर सलाहकार समिति की 31वीं बैठक कमिश्नरी में हुई। 15 में से आठ करोड़ रुपये के कार्य मंजूर हुए। फतेहाबाद रोड स्थित डिवाइडर पर पौधारोपण होगा। इसका प्रस्ताव उद्यान विभाग तैयार करेगा। फतेहपुरसीकरी में गोल्फ कार्ट का संचालन होगा। 12 लाख रुपये से ग्यारह सीढ़ी के लॉन की मरम्मत भी कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें: UP TOP NEWS: आज अयोध्या आएंगे मुख्यमंत्री योगी, बजरंगबली के दर्शन के बाद लेगें भूमिपूजन की तैयारियों का जायजा