
UP Top 10 News: योगी सरकार ने किए 15 आईएएस अफसरों के तबादले, कानपुर पुलिस अधीक्षक का झांसी में हुआ ट्रांसफर
15 आईएएस अधिकारियों के तबादले
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किये जिसमें कानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी भी शामिल है। उन्हें झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया। अलीगढ में पुलिस उप महानिरीक्षक पद पर तैनात डा प्रितिन्दर सिंह को कानपुर का उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी का तबादला पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी के पद पर कर दिया गया है। अयोध्या में पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूट दीपक कुमार को पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।
शॉपिंग मॉल में बिकेगी शराब
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के बीच शराब की बिक्री को इजाजत देने के बाद अब इसे शॉपिंग मॉल्स में भी बेचने की अनुमति मिल गई है। आबकारी विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय भूसरेड्डी ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिया है। शराब बिक्री की लाइसेंस प्रक्रिया सोमवार 27 जुलाई से शुरु की जाएगी। शराब की बिक्री के लिए समय भी निर्धारित किया गया है। शराब रात 10 बजे से सुबह 9 बजे तक बिकेगी। वहीं 25 अगस्त, 2020 के बाद यूपी के मॉल्स में प्रीमियम वैरायटी और इंपोर्टेड ब्रांड्स मिलना शुरु हो जाएगा। लेकिन मॉल्स के अंदर पीने की अनुमति नहीं होगी। शॉपिंग मॉल्स में 800 रुपये से ऊपर की प्रीमियम और इंपोर्टेड ब्रांड्स मिलेंगे।
हफ्ते में चार दिन खुलेंगी दुकानें
वाराणसी. वाराणसी में अब दुकानें और निजी कार्यालय सप्ताह में चार दिन ही खुलेंगे। तीन दिन पूरी तरह बंदी रहेगी। दुकानों और बाजार में लागू लेफ्ट राइट और ऑड ईवेन नियम खत्म हो गए हैं। यानी सभी दुकानें एक साथ खुल सकेंगी। दुकानों को बंद करने के समय में भी बदलाव किया गया है। अब सभी प्रकार की दुकानें, मार्केट, मार्केट कॉम्प्लेक्स सुबह 9 से शाम 7 बजे तक खुल सकेंगे। पहले शाम चार बजे तक ही खोलने की इजाजत थी। रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था 15 अगस्त तक के लिए लागू की गई है। बता दें कि अभी तक पांच दिन दुकानें खुलती हैं और सप्ताह में दो दिन बंदी रहती है।
राज्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव
आगरा. समाज कल्याण राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी के संक्रमित निकलने से अफरातफरी मच गई है। सिपाही होम क्वारंटाइन हो गया है। वहीं पुलिस की कोरोना सेल में तैनात एक सिपाही और उसकी बुजुर्ग मां भी कोरोना संक्रमित निकली हैं। इसके अलावा दयालबाग में एक मां और बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्यमंत्री की फ्लीट का एक चालक पिछले कुछ दिनों से स्वस्थ महसूस नहीं कर रहा था। इस पर राज्यमंत्री डॉ. धर्मेश ने जिला अस्पताल फोन कर उसका कोरोना टेस्ट कराया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं फ्लीट के अन्य लोगों और चालक के परिवारीजनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। राज्यमंत्री ने बताया कि वह पहले अपना टेस्ट करा चुके हैं, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। वहीं कोरोना सेल में तैनात एक पुलिस कर्मी संक्रमित है। पुलिसकर्मी के साथ उसकी मां की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है।
राशन माफियाओं पर एनएसए लगाने का आदेश
गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन माफियाओं पर एनएसए लगाने का आदेश दिया है। दरअसल, मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-बस्ती मंडल में कोविड-19 की समीक्षा की और इसके साथ ही खाद्यान्न वितरण और दूसरे प्रांतों से आए कामगारों को रोजगार देने की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दोनों मंडलों में खाद्यान्न वितरण की स्थिति जांचने के साथ ही सभी डीएम को निर्देश दिया कि खाद्यान्न माफिया पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनपर एनएसए लगाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब का हक नहीं मारा जाना चाहिए। इसकी नियमित समीक्षा हो। अफसर, राशन कार्ड होल्डरों से फीडबैक लें कि उन्हें नियमित और पूरा अनाज मिल रहा है या नहीं। मुख्यमंत्री ने चेताया कि कहीं से भी खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी मिली तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्यान्न वितरण नोडल अधिकारी की देख रेख में किया जाए।
आईआईटी स्टेशन पर बना पहला टी ग्रेडर
कानपुर. कानपुर मेट्रो परियोजना के अंतर्गत मेट्रो कॉरिडोर के पहले प्री-कास्टेड डबल टी-गर्डर को खड़ा किया गया और इसी के साथ अपनी उपलब्धियों की फ़ेहरिस्त में यूपीएमआरसी ने एक और नई उपलब्धि जोड़ ली है। दरअसल, इससे पहले भारत में किसी भी मेट्रो परियोजना के अंतर्गत स्टेशन के कॉनकोर्स (प्लेटफ़ॉर्म के अलावा स्टेशन का दूसरा फ़्लोर या तल) का आधार तैयार करने के लिए डबल टी-गर्डर का इस्तेमाल नहीं हुआ है। कानपुर मेट्रो के सिविल निर्माण में डबल टी-गर्डर के इस्तेमाल के पीछे मेट्रो इंजीनियरों की रणनीति यह है कि इससे समय की बचत और अच्छी फ़िनिशिंग दोनों ही का फ़ायदा मिलेगा।
हाईकोर्ट में सुनवाई की गाइडलाइन जारी
प्रयागराज. इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रशासन ने सोमवार से खुलने वाली अदालत और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग दोनों तरह से सुनवाई के गत तीन जुलाई को जारी गाइड लाइन में संशोधन किया है। नई व्यवस्था के अनुसार मुकदमों की ई-फाइलिंग व मैनुअली दाखिला दोनों होगा। मुकदमों का मैनुअली दाखिला गेट से पास वाले कार्यालय में होगा ओर परिसर में वही वकील व स्वयं बहस करने वाले वादकारी को ई-पास, मास्क व कोविड-19 के संदर्भ में अन्य गाइडलाइन का पालन करने वाले को ही प्रवेश दिया जाएगा। चीफ जस्टिस के आदेश के अनुसार अभी सिर्फ स्पेशल बेंच ही मुकदमों की सुनवाई करेंगी। काजलिस्ट के उन्हीं मुकदमों की सुनवाई होगी जिनमें अर्जेंसी एप्लीकेशन कोर्ट मंजूर करेगी। कोर्ट में एक समय में छह से अधिक वकील नहीं होंगे।
एनएचएम घोटाले में 196 भर्तियों की फाइल गायब
लखनऊ. करीब सवा तीन साल पहले स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर हुई 196 भर्तियों की पत्रावली गायब हो गई है। इससे विभाग में खलबली मच गई है। इन नियुक्तियों पर इसलिए भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि जिस दिन इसके परिणाम घोषित कर नियुक्ति पत्र दिए गए थे उसी दिन विधानसभा चुनाव के परिणाम भी आए थे। सत्तादल का आरोप है कि समाजवादी पार्टी की सरकार के इशारे पर इन पदों पर नियुक्ति की गई। मामले की जांच कर रही विजिलेंस ने चयन कमिटी के सदस्य व अधिकारियों को तलब कर इस पत्रावली की तलाश तेज की तो उसके गायब होने की बात सामने आई। मामले में सीएमओ रमेश चंद्र ने तत्कालीन एसीएमओ व मौजूदा समय में सेवानिवृत्व डॉ.महेंद्र सिंह व संबंधित क्लर्क को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इस मामले में जल्दी ही बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
चारपाई पर खून से लथपथ युवक का शव
रायबरेली. चौकी क्षेत्र के पूरे मकंदी मजरे बारा गांव के पास भुवनेश्वर प्रताप सिंह की आम की बाग में संजय (18) पुत्र श्यामलाल की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह ग्रामीण शौच करने गये तो देखा कि संजय का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर चौकी प्रभारी पवन प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी। थोड़ी देर बाद सलोन सीओ राजकिशोर सिंह व थानाधयक्ष जेपी यादव मौके पर पहुंचे और शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता व गांव के ही तीन युवकों को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है। लोगों ने बताया कि इस आम की बाग को परशदेपुर के मुहम्मद वसीम ने बटाई पर लिया था और पूरे शनिवार शाम को बाग का आम तोड़ा गया। शाम को मुहम्मद वसीम ने मृतक संजय को तीन हजार रुपये मजदूरी दी और कहा अपने घर जाओ। यह कहकर शाम लगभग साढ़े आठ बजे वसीम अपने घर चला गया। रविवार सुबह संजय का शव चारपाई पर खून स लथपथ मिला।
चार महीने से गायब घोटालेबाज अधिकारी
हमीरपुर. जिले में चार माह से अभिलेखों के साथ ग्राम विकास अधिकारी लापता है। उस पर करोड़ों की घोटालेबाजी का आरोप है और अब तक पकड़ में न आने की वजह से उस पर एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई है। दरअसल, अमित तिवारी की तैनाती ग्राम पंचायत के छानी बुजुर्ग, खड़ेहीजार, कल्ला और मोराकांदर गांव में थी। 20 मार्च से वह चारों पंचायतों के मूल अभिलेखों के साथ गायब है। आशंका जताई गई है कि प्रधानों की साठगांठ से करोड़ों रुपये का बंदरबांट कर वह भूमिगत हो गया। इस हरकत के बाद उसे छह अप्रैल को निलंबित कर दिया और एक मई को बीडीओ ने निलंबन नोटिस उनके निवास पर चस्पा कराने के साथ एक प्रति पिता को रिसीव कराई। इसके बाद छह मई को निलंबन आदेश रजिस्टर्ड डाक से मूल पते पर भेजा गया। 26 मई को निलंबन की पत्रावली तैयार कर जांच के लिए एडीओ पंचायत कौ सौंपी गई। एडीओ पंचायत ने विधिक कार्रवाई के लिए सलाह मांगी है मगर आगे की कार्रवाई अभी तक नहीं हो सकी।
Published on:
26 Jul 2020 02:45 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
