
Quick Read: 'बेवफा' शब्द पर नाराज महिला ने दी सजा
गोरखपुर. सहजनवां थाना क्षेत्र के एक गांव में मायके आई महिला सोमवार को चौराहे पर कुछ सामान खरीद रही थी। वहां से कुछ ही दूरी पर गांव का एक युवक अपने मित्रों के साथ खड़ा था। उसने ‘बेवफा’ कहकर किसी पर कमेंट किया। महिला को यह बात नागवार लगी और घर आकर परिजनों को बताया। इसके बाद उसने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर युवक पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। गांव में चर्चा शुरू हुई तो दोनों पक्ष से कई लोग थाने पहुंचे और समझा-बुझाकर समझौता कराया। इस संबंध में एसओ प्रदीप शर्मा ने कहा कि आरोपी युवक ने किसी का नाम लेकर कमेंट नहीं किया था। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। दोनों पक्ष ने बैठकर समझौता कर लिया
12 लाख बच्चों को लगेगा टीका
गोरखपुर. कोरोना से बचाव के लिए गोरखपुर जिले में 12 लाख बच्चों को कोरोनारोधी टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए योग्य बच्चों का ब्योरा तैयार कर लिया है। बच्चों के लिए जायडस कंपनी का टीका आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले में 18 वर्ष से ऊपर के 32 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। अब 18 साल से नीचे के बच्चों के टीकाकरण की तैयारी चल रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय के मुताबिक करीब 12 लाख बच्चों का टीकाकरण होना है। शासन की तरफ से जैसे ही गाइडलाइन आएगी उसके बाद वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में बीमार बच्चों को टीका लगाया जाएगा। विभाग ऐसे बच्चों की सूची बनाएगा। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व एएनएम की मदद से ऐसे बच्चों की सूची तैयार की जा रही है।
24 नवंबर तक निरस्त रहेंगी 11 स्पेशल ट्रेनें
गोरखपुर. पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीतापुर-तप्पा खजुरिया-परसेंडी रेलखंड पर दोहरीकरण से संबंधित कार्य चल रहा है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार 16 से 24 नवंबर तक रेल लाइनों का नान इंटरलाकिंग होगा। इस दौरान ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। जिसमें गोरखपुर-दिल्ली सहित 11 स्पेशल ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसके अलावा कई ट्रेनें मार्ग बदलकर चलेंगी। गोरखपुर-मैलानी स्पेशल गोमतीनगर से ही चलाई जाएगी। निरस्त होने वाली ट्रेनों में ट्रेन नंबर 05195 गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल, 05091 गोण्डा-सीतापुर अनारक्षित स्पेशल, 05091/05092 गोण्डा-सीतापुर-गोण्डा, 05086/05085 लखनऊ-मैलानी-लखनऊ और 05088/05087 लखनऊ-मैलानी-लखनऊ शामिल है।
पद्म सम्मानितों की सूची से जुड़े तीन और नाम
वाराणसी. पद्म सम्मानितों की सूची में काशी से तीन और नाम जुड़ गए हैं। डोमराजा स्व. जगदीश चौधरी काे मरणोपरांत उनका पद्मश्री सम्मान लेने दिल्ली उनके पुत्र ओम चौधरी पहुंचे थे। वहीं भदोही जिले के मूल निवासी रहे प्रो. रामयत्न शुक्ल और विकासशील किसान चंद्रशेखर सिंह को भी राष्ट्रपति भवन में काशी का मान बढ़ाने का मौका मिला। राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित भव्य समारोह में काशी के डोमराजा स्व. जगदीश चौधरी को मरणोपरांत, श्रीकाशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष प्रो. रामयत्न शुक्ल व विकासशील किसान चंद्रशेखर सिंह को पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया। स्व. जगदीश चौधरी को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया। उनका सम्मान लेने उनके पुत्र ओम चौधरी (16 वर्ष) दिल्ली एक दिन पूर्व अपने सहयोगी अभिषेक शर्मा के साथ पहुंचे।
स्वच्छ सर्वेक्षण में वाराणसी को प्रेसिडेंट अवार्ड
वाराणसी. स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के तहत बनारस को प्रेसिडेंट अवार्ड के लिए चुना गया है। गार्बेज फ्री सिटी और सफाई मित्र चैलेंज की श्रेणी में बनारस का चयन इस पुरस्कार के लिए हुआ है। प्रदेश में कुल 13 शहरों को शामिल किया गया है जिसमें पहले नंबर पर बनारस है। 20 नवंबर को नई दिल्ली में विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद यह पुरस्कार देंगे। महापौर मृदुला जायसवाल, नगर आयुक्त प्रणय सिंह इस पुरस्कार को ग्रहण करेंगे। मार्च 2021 में शहरी विकास मंत्रालय की टीम ने शहर के कूड़ा घरों का सर्वेक्षण किया था। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनपी सिंह ने कहा कि 20 नवंबर को ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की रैंकिंग जारी की जाएगी।
लाइसेंसी दुकान पर अवैध शराब बेचने पर सेल्समैन गिरफ्तार
प्रयागराज. आबकारी टीम ने देसी शराब दुकान पर छापेमारी करते हुए अवैध शराब बेच रहे सेल्समैन परकेश कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 52 पौवा अवैध शराब बरामद हुई। दुकान को सीज कर दिया गया है और जल्द ही उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। दरअसल, फूलपुर थाना क्षेत्र के कसिया का पूरा गांव के पास देसी शराब की दुकान है। लाइसेंसी दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार रात आबकारी इंस्पेक्टर नेहा सिंह, अवनीश पांडेय, सर्वेंद्र प्रताप और दिनेश ने टीम के साथ दुकान पर अचानक छापेमारी की। जांच में पता चला कि दुकान में अवैध शराब की पेटी रखी गई थी और खरीदने वालों को बेचा जा रहा था।
खाद लेने जा रहे किसान की मौत
ललितपुर. बार थाना क्षेत्र के सेमरा नगर में बाइक फिसलने से एक किसान की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को अस्पताल भेजा गया। बार क्षेत्र के गांव सेमरा भाग नगर निवासी लखनलाल और उसका साथी शिवराज भागी बुधवार सुबह बाइक से खाद लेने के लिए ब्लॉक मुख्यालय जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बाइक फिसल गई। इस घटना में ज्यादा चोट लगने के कारण लखनलाल की मौके पर मौत हो गई जबकि शिवराज घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नही लगाए थे जिससे दोनों लोगों के सिर व चेहरे पर चोट आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक एवं घायल के परिजनों को सूचित कर दिया गया।
Published on:
10 Nov 2021 04:57 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
