4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP Top Ten News: ट्रक चालक की बेटी बनी मिशन शक्ति की ब्रांड एंबेसेडर

ट्रक चालक की सिपाही बेटी अनीता मिशन शक्ति की ब्रांड एंबेसेडर बन गई हैं। उन्हें प्रदेश के 75 जिलों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों में वरीयता देते हुए प्रदेश सरकार ने यह उपाधि दी है। मिशन शक्ति के लिए होर्डिंग में उनकी तस्वीर प्रदेश के हर कोने में लगाई गई है।

5 min read
Google source verification
UP Top Ten News: ट्रक चालक की बेटी बनी मिशन शक्ति की ब्रांड एंबेसेडर

UP Top Ten News: ट्रक चालक की बेटी बनी मिशन शक्ति की ब्रांड एंबेसेडर

ट्रक चालक की बेटी बनी मिशन शक्ति की ब्रांड एंबेसेडर

उन्नाव. ट्रक चालक की सिपाही बेटी अनीता मिशन शक्ति की ब्रांड एंबेसेडर बन गई हैं। उन्हें प्रदेश के 75 जिलों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों में वरीयता देते हुए प्रदेश सरकार ने यह उपाधि दी है। मिशन शक्ति के लिए होर्डिंग में उनकी तस्वीर प्रदेश के हर कोने में लगाई गई है। अनीता को यह उपलब्धि जिले में तैनाती के दौरान किए गए कामकाज पर मिली चर्चा का परिणाम माना जा रहा है। इस समय वह लखनऊ में तैनात हैं। वर्ष 2016 में उनकी छोटी बेटी अनीता यादव को सिपाही पद पर नियुक्ति मिली। पहली तैनाती उन्नाव के सदर कोतवाली में मिली। दो साल उन्नाव में रहने के दौरान अनीता ने कर्तव्यों का बखूबी पालन किया। अधिकारियों ने मिशन शक्ति की होर्डिंग के लिए 140 महिला सिपाहियों के नाम की लिस्ट तैयार की। लिस्ट में सभी सिपाहियों के पूर्व की उपलब्धियां भी बताई गईं। इनमें उन्नाव कार्यकाल के दौरान असहायों की मदद और शोहदों पर कार्रवाई से चर्चित हुईं अनीता यादव को मिशन शक्ति का ब्रांड एंबेसेडर चुना गया।

26 अक्टूबर से कानपुर से अहमदाबाद की फ्लाइट शुरू

कानपुर. कानपुर में चकेरी एयरपोर्ट से 26 अक्टूबर से अहमदाबाद की फ्लाइट शुरू हो जाएगी। यह फ्लाइट दोपहर 12:05 बजे आएगी और 12:25 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ेगी। चकेरी से संचालित होने वाली यह तीसरी फ्लाइट है। अभी दिल्ली और मुंबई के बीच एक-एक फ्लाइट चल रही है। अहमदाबाद की फ्लाइट रविवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी छह दिन चलेगी। चकेरी एयरपोर्ट के निदेशक बीके झा ने बताया कि यह फ्लाइट सात महीने बाद चलने जा रही है। अहमदाबाद की फ्लाइट वहां से सुबह पौने 11 बजे उड़ान भरेगी और चकेरी एयरपोर्ट पर दोपहर 12:05 बजे उतरेगी। 20 मिनट के ठहराव के बाद यह फ्लाइट 12:25 बजे उड़ान भरेगी और अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दोपहर 1:45 बजे पहुंचेगी। अहमदाबाद से कानपुर के बीच का बेसिक किराया 4296 रुपये और कानपुर से अहमदाबाद जाने का बेसिक किराया 4035 रुपये है।

त्योहार स्पेशल ट्रेनों में सीट नहीं

लखनऊ. रेलवे ने त्योहार पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया लेकिन अब उनमें सीट नहीं बची है। लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनें और खासतौर पर बिहार जाने वाली ट्रेनें फुल हो चुकी है और उनमें वेटिंग मिल रही है। वहीं दूसरी ओर देखें तो शताब्दी और तेजस अभी खाली ही चल रही हैं। त्योहार पर ट्रेनों की इस मारामारी को देखते हुए रेलवे अभी और कई ट्रेनें बिहार और मुंबई के लिए चला सकता है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनों में तीन माह पहले से ही बुकिंग की सुविधा होने के चलते लोगों ने सीट आरक्षित करा ली है। यही कारण है कि सीटें फुल हो गई।

स्कार्पियों की नंबर प्लेट पर लिखा अखिलेश यादव, कटा चालान

वाराणसी. वाराणसी में एक युवक को अपनी कार की नंबर प्लेट पर सपा का झंडा और उस पर अखिलेश यादव लिखवाना भारी पड़ गया। नियम तोड़ने पर एसएसपी वाराणसी ने गाड़ी का चालान करने का आदेश जारी किया। एसएसपी वाराणसी अपनी टीम के साथ बड़ागांव क्षेत्र में पिंडरा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जा रहे थे। उनकी गाड़ी के आगे सफेद रंग की एक स्कार्पियो गाड़ी के नंबर प्लेट पर अखिलेश यादव लिखा था। एसएसपी ने अपने चार पहिया वाहन को रुकवा कर उसे बड़ागांव थाने भिजवा दिया। एसएसपी के निर्देश पर वाहन को पकड़ कर स्थानीय थाने पर भेज दिया गया। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी के कागज को चेक किए गए। नियमानुसार वाहन का मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया जाएगा।

बेटा बना जान का दुश्मन, बूढ़ी मां को उतारा मौत के घाट

कानपुर. कानपुर देहात अकबरपुर के रामगंज में दिल दहला देने वाली घटना से लोग सहम गए। रामगंज गांव निवासी 80 वर्षीय नसीरन मकान में बेटे मासूम उसकी पत्नी सन्नो व दो बच्चों संग रहती थी। बुधवार की सुबह नसीरन का रक्तरंजित शव मकान के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला। उनके सिर पर चापड़ से कई वार किए गए थे। पुलिस ने बेटे मासूम पर शक होने के चलते पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूलते हुएं मां को मारने की बात स्वीकारी। उसने बताया कि उसका भाई मुश्ताक भी है, जो बारा में रहता है। कई बार गांव का मकान नाम करने के लिए मां से कहा लेकिन वह नहीं मान रही थी। इसपर उसने सोचा कि हत्या कर देने पर मकान उसे मिल जाएगा इसलिए उसने मां को मार दिया।

आलू लदे ट्रक में पीछे से घुसी पिकअप

कन्नौज. उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसा हुआ है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना थाना तालग्राम के बिदीपुरवा के पास की है। यहां आलू लदे ट्रक में पीछे से पिकअप जा घुसी। इस हादसे में एक की मौत हो गई। करीब 12 श्रमिक घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक है। सभी बिहार से आजमगढ़ जा रहे थे। घटना बुधवार सुबह साढ़े छह बजे की है। यूपीडा के लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को अस्पताल भेजा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बोनस को लेकर काम नहीं करेंगे रेलकर्मी

प्रयागराज. बोनस न मिलने से नाराज प्रयागराज के रेल कर्मियों में असंतोष है। कर्मचारियों के साथ सभी यूनियनों ने एक सुर में अपने हक के लिए आवाज उठाई है। इसी क्रम में नार्थ सेंट्रल रेलवे मेन्स यूनियन (एनसीआरएमयू) ने इसके विरोध में 22 अक्‍टूबर यानी गुरुवार को दो घंटे काम बंद करने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मचारी कार्यों से विरत रहेंगे। नार्थ सेंट्रल रेलवे मेन्स यूनियन (एनसीआरएमयू) ने बोनस नहीं देने की सरकार की नीयत व नीति के बारे में कर्मचारियों को जागरूक किया। महामंत्री आरडी यादव ने कहा कि रेल कर्मचारियों को बोनस देना कोई एहसान नहीं। उन्होंने कहा कि इस दौरान माल ढ़ुलाई 15 फीसद अधिक हुई। यह कर्मियों के दम पर ही हुआ है। आरडी यादव ने कहा कि इसके विरोध में 22 अक्टूबर को दो घंटे के लिए रेलकर्मी हड़ताल पर रहेंगे।

बांग्लादेशी जमातियों को हाईकोर्ट से राहत

प्रयागराज. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कोरोना संक्रमण फैलाने के आरोपी बांग्लादेश के 12 जमातियों को राहत देते हुए उनके खिलाफ उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति अनिल कुमार नवम ने मीर मोहम्मद व 11 अन्य की याचिका पर दिया है। कोर्ट ने राज्य सरकार से इस मामले में जवाब मांगा भी है। इन सभी के खिलाफ शामली के भवन थाने में महामारी अधिनियम और विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस इस मामले में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। याचिका दाखिल कर छह जून 2020 को दाखिल चार्जशीट और 31 जुलाई 2020 को उस पर संज्ञान लेने के आदेश को रद्द करने की मांग की गई है।

संपत्तियों के कागजात के साथ ऋचा दुबे को ईडी का समन

कानपुर. कानपुर एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने समन भेजा है। विकास दुबे की संपत्तियों को लेकर ईडी जांच कर रही है। इसी मामले में ऋचा दुबे को समन भेजा गया। ऋचा से सभी बैंक डॉक्यूमेंट, इनकम टैक्स रिटर्न और प्रॉपर्टी के दस्तावेज मांगे गए। जुलाई में ईडी ने कानपुर पुलिस के आईजी को चिट्ठी लिखकर विकास दुबे की संपत्तियों के बारे में जानकारी मांगी थी। आरोप है कि विकास दुबे ने कानपुर और लखनऊ में बड़े पैमाने पर फ्लैट और घर खरीदे थे। उसकी विदेश यात्रा भी जांच के दायरे में है। वर्तमान में विकास दुबे का फाइनेंसर जय बाजपेई जेल में बंद है।

घर लौटने को नहीं तैयार तो कर दी हत्या

प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका को गुजरात ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि, मुखबिर से सटीक सूचना के आधार पर आरोपी विजयशंकर को मेजा क्षेत्र से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब वह कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस की पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने ही अपनी प्रेमिका की हत्या की और फिर शव फेंककर भाग आया। आरोपी प्रेमी विजय शंकर ने बताया कि, वह प्रेमिका को लेकर गुजरात गया, लेकिन वहां आईडी न होने के चलते उसे न ही रहने की जगह और न ही कोई काम मिला। खुद पर एफआईआर दर्ज होने की जानकारी से वह डर गया। जिससे बचने के लिए उसने प्रेमिका से वापस घर लौटने को कहा, लेकिन वह उसके लिए तैयार नहीं हुई। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसने मौका पाकर उसकी हत्या कर दी।

ये भी पढ़ें:11 फीसदी सुधरा संक्रमण का रिकवरी रेट, 1.51 लाख का हुआ कोरोना टेस्ट

Story Loader