
लखनऊ. आज देश भर में धूमधाम से डॉ. भीमराव आम्बेड़कर की जयंती मनाई गई। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर पूरे यूपी में हर्षोल्लास के साथ अंबेडकर जयंती मनाई गई। अंबेडकर महासभा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दलित मित्र सम्मान से नवाजा गया। भाजपा दलितों को रिझाने के लिये 14 अप्रैल से पांच मई तक पूरे यूपी में अभियान चलाकर लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेगी। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा के अंबेडकर प्रेम को नाटक करार दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेशवासियों को अंबेडकर जयंती की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहेब के ही रास्ते पर चल रही है।
इससे पहले अंबेडकर जयंती पर किसी तरह के बवाल की आशंका से निपटने के उत्तर प्रदेश के कई जिलों अलर्ट जारी कर दिया गया था। गांव से लेकर शहर तक जहां भी अंबेडकर की प्रतिमाएं थीं, वहां सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई। इतना ही नहीं पुलिस के आलाधिकारियों को तत्काल तैयार रहने के निर्देश भी दिये गये। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से यूपी में अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने का मामले सामने आये हैं। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में रहा।
सीतापुर में आम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त
सीतापुर के अकोइया गांव में कुछ अराजक तत्वों ने आंबेडकर की मूर्ति पर पत्थर फेंककर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। लेकिन स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ और पुलिस की सक्रियता से अराजक तत्वों की मंशा पूरी नहीं होने पाई। आम्बेडकर प्रतिमा छतिग्रस्त होने की सूचना पाकर आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और मूर्ति को ठीक करवाकर पेंट भी करवाया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
योगी को दलित मित्र सम्मान, नाराज हो गये फाउंडर मेंबर
आंबेडकर जयंती पर अंबेडकर महासभा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दलित मित्र सम्मान से सम्मानित किया। इससे महासभा के संस्थापक सदस्य नाराज हो गये औऱ उन्होंने विरोध जताते हुए हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने हंगामा कर रहे तीन सदस्यों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक भी मौजदू रहे।
भाजपा दलित हितैषी पार्टी : सीएम योगी
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने भाजपा को दलित हितैषी पार्टी बताते हुए कहा कि दलितों को सबसे ज्यादा सम्मान नरेंद्र मोदी सरकार ने दिया है। केंद्र सरकार ने भीमराव आंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्नयाथ ने ऐलान करते हुए कहा कि मुसहर दलित और पिछड़े गरीबों के आयोग का गठन किया जायेगा।
बाबा साहेब के रास्ते पर चल रही सपा : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के रास्ते पर चलकर ही समाज को शोषण मुक्त बनाया जा सकता है। उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता है। आज हर वर्ग के लोग बाबा साहेब की जयंती मना रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा समाजवादी पार्टी डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताये रास्ते पर चल रही है और चलती रहेगी।
आंबेडकर के नाम पर नाटक कर रही बीजेपी : मायावती
मायावती ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आंबेडकर जयंती के नाम पर बीजेपी नाटक कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी दलितों के प्रति दोहरा मापदंड अपना रही है। सरकार की कमजोर पैरवी के चलते ही एससी-एसटी कमजोर हो गया है। उन्होंने भाजपा से मांग करते हुए कहा कि एससी-एसटी एक्ट को पास कराने के लिये भाजपा अध्यादेश लाये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दलितों से पक्षपात का आरोप लगाते हुए मायावती ने कहा कि उनकी नीयत साफ नहीं है, जब दलितों के हित की बात आती है तो वह पीछे हट जाते हैं।
Published on:
14 Apr 2018 04:02 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
