5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गांव की गलियों में पागल कुत्ते का खतरा, 10 लोगों को बनाया शिकार, गांवों में खौफ का माहौल

Stray Dog Attack: महासमुंद के जामपाली और जंघोरा गांव में पागल कुत्ते ने करीब दर्जनभर लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सभी घायलों का पिथौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।

2 min read
Google source verification
गांव की गलियों में पागल कुत्ते का खतरा, 10 लोगों को बनाया शिकार, गांवों में खौफ का माहौल(photo-patrika)

गांव की गलियों में पागल कुत्ते का खतरा, 10 लोगों को बनाया शिकार, गांवों में खौफ का माहौल(photo-patrika)

Stray Dog Attack: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपाली और जंघोरा में एक पागल कुत्ते के आतंक से हड़कंप मच गया है। बीते कुछ घंटों में कुत्ते ने करीब दर्जनभर लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया है। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Stray Dog Attack: गांव-गांव घूमकर बना रहा निशाना

स्थानीय लोगों के अनुसार, आवारा कुत्ता बेहद आक्रामक हो चुका है और गांव की गलियों में लगातार घूमते हुए लोगों को निशाना बना रहा है। अचानक हो रहे इन हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। स्थिति ऐसी बन गई है कि कई लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं और एहतियात बरतते हुए अपने परिवार, खासकर बच्चों को घर के भीतर ही रहने की सलाह दे रहे हैं।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

घटना के बाद परिजनों में खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर बच्चों को घर के अंदर ही रहने की सख्त हिदायत दी है। स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावक भी बेहद सतर्क हो गए हैं और उनकी आवाजाही पर विशेष नजर रख रहे हैं।

इन लोगों को बनाया शिकार

हमले में घायल होने वालों में ग्राम जामपाली के भूषण ध्रुव, संतोष देवांगन, दृष्टि दीवान, रामलाल ध्रुव, पिथौरा के मनोज अग्रवाल, बरेकेल के धनंजय ठाकुर, तेज बाई, जंघोरा के रूपेश तिवारी, रोशनी सिन्हा और बरेकेल खुर्द की भूमि साहू शामिल हैं। सभी को समय पर अस्पताल पहुंचाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, इलाज जारी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। एहतियात के तौर पर सभी को एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई है और निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस आक्रामक कुत्ते को पकड़ा जाए, ताकि आगे और किसी को नुकसान न पहुंचे। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। घटना के बाद दोनों गांवों में भय का माहौल है। लोग समूह में ही बाहर निकल रहे हैं और अकेले जाने से बच रहे हैं। प्रशासन और पशु विभाग की टीम से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।