महासमुंद. तरबूज की आड़ में गांजा की तस्करी करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ा। तस्करों से दो करोड़ 10 लाख के 10 क्विंटल 50 किलो गांजा जब्त किया।
दोनों तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे। दोनों के खिलाफ धारा 20 ख नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक वाहन में तरबूज के नीचे में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस की टीम बालसी पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर संदेही वाहन के आने का इंतजार कर रही थी। कुछ देर के बाद वाहन क्रमांक एमपी 19 जीए 5058 आते दिखा। वाहन में 2 लोग सवार थे। ट्रक में लोड तरबूज की तलाशी लेने पर पुलिस को 10 क्विंटल 50 किलो का गांजा मिला। जिसे जब्त कर परिवहन कर रहे आरोपी पप्पू पाल (35) व दूसरा आरोपी लीलाधर पाल (33) दोनों निवासी ग्राम बसाई, थाना-पन्ना, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में गांजा की तस्करी करने के लिए तस्कर विभिन्न पैंतरे अपना रहे हैं।