
निकाय चुनाव
महाराजगंज. जिले के सातों निकाय क्षेत्रों में बुधवार को मतदान के दिन वोट झूम कर बरसे। यहां सातों निकायों में औसत 80 प्रतिशत वोट रिकार्ड किया गया। जिसमें सर्वाधिक नगर पंचायत घुघली में 80.04 प्रतिशत तो सबसे कम नगर पालिका नौतनवां में 68.20 प्रतिशत वोट पङे। विभिन्न नगर निकायों के कई बूथों पर शाम साढ़े छह बजे के बाद तक वोट पड़े। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर हो हल्ला भी हुआ लेकिन पुलिस की सख्ती से मामला शांत हो गया।
सुबह से शाम तक मतदान की स्थिति पर गौर करें तो साढे नौ बजे तक सबसे अधिक 18 प्रतिशत वोट नवसृजित नगर पंचायत सोनौली में पड़े थे जबकि सबसे कम आनंदनगर नगर पंचायत में मात्र 8.13 फीसद वोट पड़ा था। इसके बाद से नगर पंचायत आनंदनगर में मतदान की रफ्तार बढी तो बढ़ती ही गई। साढ़े तीन बजे के रिपोर्ट के मुताबिक आनंदनगर में जहां 60.85 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया तो नगर पंचायत घुघली में सर्वाधिक 63.21 फीसद वोटिंग बताया गया। इसी प्रकार दिन में तापमान के साथ साथ मतदान का प्रतिशत बढता गया। अगर दोपहर डेढ बजे तक पड़े वोटों पर गौर करें तो नगर पालिका परिषद महराजगंज में 39.04 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद नौतनवा में 34.30 प्रतिशत, नगर पंचायत घुघली में 48 प्रतिशत तो नगर पंचायत सिसवा में 40 फीसद वोट पड़े थे। इसी प्रकार नगर पंचायत निचलौल में 37 तो सोनौली व आनंदनगर में क्रमशः 37 व 42.14 प्रतिशत मतदान हुआ।
नगर पालिका नौतनवां में दोपहर तीन बजे के बाद मतदान केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई। सोनौली कस्बे की प्राइमरी पाठशाला की बूथ पर भी भारी भीड़ लगी रही। सोनौली के फरेन्दी तिवारी के प्राइमरी पाठशाला पर स्थित बूथ पर व भारी संख्या में महिला पुरुषों की भीड़ लगी रही। शाम 6 बजे से कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार घुघली में 80.04 प्रतिशत, सिसवा में 71.35 प्रतिशत, निचलौल में 75.09 प्रतिशत, फरेंदा में 76.46 प्रतिशत, महराजगंज में 72.28 प्रतिशत, नौतनवां में 68.20 प्रतिशत और सोनौली में करीब 77 प्रतिशत मतदान होना बताया गया। देर शाम तक तक विभिन्न स्थानों पर वोटिंग होती रही।
प्रभारी जिलाधिकारी रामसिंहासन प्रेम ने बताया कि जिले के छोटी घटनाओं को छोड शांतिपूर्ण रिकॉर्ड मतदान हुआ है। लोगों ने उत्साह के साथ मताधिकार का प्रयोग किया। सुरक्षा को लेकर बूथों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। जहां देर तक मतदान चला वहां से पोलिंग पार्टियों को आने में थोडी देरी हुई। लेकिन सब कुछ ठीक ढंग से हो गया।
एसपी आरपी सिंह ने बताया कि संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा के इंतजाम रहे। जहां कहीं भी गडबडी की बात सामने आई, वहां तुरंत पहुंचकर कार्रवाई की गई जिससे कहीं भी हालात खराब नहीं होने पाए।
BY- Yashoda Srivastava
Published on:
29 Nov 2017 09:13 pm
बड़ी खबरें
View Allमहाराजगंज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
