
पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया, PC - एक्स।
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महाराजा तेज सिंह किले के पास स्थित रानी शिव मंदिर में पूजा कर रही बीएससी की छात्रा दिव्यांशी राठौर (21) को एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे प्रेमी राहुल ने गोली मार दी। आरोपी को घटना के तीन घंटे के भीतर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब सौतियाना मोहल्ले की रहने वाली दिव्यांशी मंदिर में पूजा करने गई थी। तभी आरोपी राहुल भी मंदिर में घुस गया और अंदर आते ही उसने मंदिर का गेट बंद कर दिया। इसके बाद उसने दिव्यांशी पर डंडे से हमला कर दिया। दिव्यांशी के चिल्लाने पर राहुल ने अपनी कमर से तमंचा निकाला और एक के बाद एक चार गोलियां चला दीं। इनमें से दो गोलियां दिव्यांशी के हाथ में और दो पेट में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर मंदिर के फर्श पर गिर पड़ी।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दिव्यांशी की मां और भाई ने उसे गंभीर हालत में तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल गांव का ही रहने वाला है और दिव्यांशी पर शादी का दबाव बना रहा था। दिव्यांशी के भाई यश राठौर ने बताया कि राहुल उनके घर से करीब 150 मीटर दूर रहता है और उनकी बहन उससे फोन पर बात करती थी। तीन महीने पहले जब दिव्यांशी की शादी कहीं और तय हो गई, तो उसने राहुल से बात करना बंद कर दिया। इसी बात से नाराज राहुल ने इस वारदात को अंजाम दिया। यश राठौर ने यह भी बताया कि आरोपी राहुल पहले भी उनकी बहन पर हमला कर चुका था, जिसकी एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) गणेश प्रसाद साहा, एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने बताया कि बात न करने से नाराज युवक ने छात्रा को गोली मारी है और पीड़ित छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की तीन टीमें गठित की गईं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। एएसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जब पुलिस ने राहुल को घेरने की कोशिश की, तो वह मोटरसाइकिल से भागने लगा और इसी दौरान फिसलकर गिर पड़ा। गिरते ही उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली राहुल के पैर में लगी। गोली लगने के बाद भी आरोपी हंस रहा था।
घायल आरोपी राहुल दिवाकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
Updated on:
26 Jul 2025, 5:21 PM IST
Published on:
26 Jul 2025, 5:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.