
आगरा सांसद का प्रतिनिधि बनकर धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
मैनपुरी. आगरा के सांसद एस पी सिंह बघेल का प्रतिनिधि बताकर लोगों को धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फ़िरोज़ाबाद के गांव कायथा का रहने वाला है। हाल ही उसने मैनपुरी के गांव गड़ेरी के एक शख्स से एक मामले में दर्ज रिपोर्ट को रफ़ा दफा करने की बात कहकर 10 हज़ार रुपये की मांग की थी।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार गांव कायथा का रहने वाला संदीप नाम का शख्स खुद को सांसद एस पी सिंह बघेल का प्रतिनिधि बताकर लोगों पर धौंस जमाता था। बीते 23 मई को उसने कोतवाली क्षेत्र के गांव गड़ेरी निवासी पिंटू को फोन किया और उसे बताया कि उसके दोस्त अरविंद के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई है। जिसे वो खत्म करा सकता है। लेकिन उसे इस काम के लिए 10 हजार रुपए की जरूरत है।
10 हजार रुपए में बात तय हो गई। पिंटू ने संदीप को पांच हजार रुपए दे दिए। कुछ दिन बाद संदीप का फिर से फोन आया और बकाया पांच हजार रुपए की मांग करने लगा। जब पिंटू ने बाद में रुपए देने की बात कही तो वो उसे व उसके दोस्त अरविंद को जेल भेजने की धमकी देने लगा। इसके बाद पिंटू को उस पर शक हो गया और उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने सांसद का प्रतिनिधि बनकर लोगों को धमकाने की बात कबूल ली है।
Published on:
26 May 2020 02:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
