उन्होंने कहा कि मेरा रुझान कंप्यूटर डिजाइन और टेक्निकल फील्ड की तरफ था। रींगस के पास श्रीमाधोपुर गांव छोडक़र जयपुर में शिफ्ट होना तय किया। कुणाल वर्मा जयपुर आकर फोटोकॉपी की दुकान पर काम करने लगे, तब उन्हें दो हजार रुपए मिला करते थे, फिर ख्याल आया कि क्या मेरे सपने यहीं खत्म हो जाएंगे? वो बताते हैं कि इसके बाद मैंने अपना बिजनेस शुरू किया, यह डिजाइनिंग का ही काम था। 4-5 साल काम करने के बाद जो पैसा आया, उससे ‘माही वे’ सॉन्ग तैयार किया, लेकिन इसके वीडियो बनाने के लिए बजट नहीं था। यह गाना मैंने मेरे दोस्त को दे दिया। उसने उसे अपनी कार में प्ले किया, कार में उनके दोस्त संजय बांठिया बैठे थे। उन्हें वह गाना पसंद आया और मुझसे मुलाकात की। संजय ने इसके लिए वीडियो तैयार करवाया, लेकिन यह गाना नहीं चला। छह महीने तक मैंने कुछ नहीं किया। उसके बाद बांठिया ने म्यूजिक फर्म शुरू की। यहां से हम नए सिंगर्स के साथ काम करने लगे और लोग पसंद करने लगे।