मंडला/निवास. माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कराई जा रही हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों को शुक्रवार को भारी मानसिक तनाव से गुजरना पड़ा। जब उन्होंने देखा कि सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र में भारत के नक्शे से संबंधित प्रश्न तो दिया गया लेकिन उसे हल करने के लिए नक्शा उपलब्ध ही नहीं कराया गया। बताया गया है कि उक्त प्रश्न 5 अंकों का था। जिले भर के सभी परीक्षा केंद्रों में इस प्रश्न के लिए उहापोह की स्थिति बनी रही। इस संबंध में परीक्षार्थियों ने पर्यवेक्षकों से बात की। परीक्षा केंद्र अध्यक्ष और सहायक अध्यक्ष को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से इस बात की जानकारी ली। इस बारे में डीईओ यूबी पटेल का कहना है कि उक्त प्रश्न के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बोनस अंक दिए जाने की घोषणा की जा सकती है। माशिमं इस बात का पूर्ण ध्यान रखेगा कि उक्त प्रश्न के लिए परीक्षार्थियों का नुकसान न हो सके।