मंडला. पांच दिवसीय होली उत्सव के रंग में सभी वर्ग के लोग डूबे नजर आ रहे हैं। नगर में दो दिन धूरेड़ी पर्व मनाया गया। दो दिन रंगों की बौछार देखी गई। खास कर बुधवार को युवाओं पर होली का रंग पूरे शबाब पर रहा। वहीं गुरुवार पुलिस ने भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पुलिस लाईन से लेकर हर चौकी और थाने में होली खेली गई। जिसमें सिपाही से लेकर पुलिस अधिकारी तक रंगो में सराबोर नजर आए। गुरुवार को पुलिस की होली खेली गई। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने सभी पुलिस कर्मियों को होली की बधाई दी। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान सभी थानेदार भी होली खेलने के लिए पुलिस लाइन मैदान में पहुंचे। वहीं थाने और चौकियों पर भी जमकर हुड़दंग किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कांवर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अश्वनी कुमार, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी जनक सिंह रावत सहित अनेक थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148 वीं वाहिनी मंडला एवं बालाघाट में तैनात है। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148 वीं वाहिनी के विक्रांत सारंगपाणि, कमाण्डेन्ट ने वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों के साथ गुरुवार वाहिनी मुख्यालय में एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली मनाई। जिसमें अमित मिश्रा, अरुण कुमार सिंह, बीबी मन्जूनाथ एवं अविनाश एक्का, सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वाहिनी कमांडेन्ट विक्रांत सारंगपाणि ने बताया कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल हमारे लिए एक परिवार है और सभी अधिकारी एवं जवान इस परिवार के हिस्सा हैं। वाहिनी के सभी जवान एवं अधिकारी हर त्यौहार को बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं और एक दूसरे के साथ भाई-चारे का व्यवहार रखते है अन्त में वाहिनी कमाण्डेन्ट के जलपान का वितरण किया गया।
मंदिरों में दिखा फाग का रंग
हर साल की तरह इस साल भी शीतला मंदिर सहित अनेक मंदिरो में फाग की मंडली बैठी जहां जोरो से गाना बजाना किया गया। गांव हो या शहर हर जगह होली की उमंग और उत्साह एक समान था। ग्राम पंचायत मोहनिया पटपरा, ग्राम पंचायत किंद्री, ग्राम पंचायत जंतीपुर में होली उत्सव, फाग गायन का आयोजन किया गया। बच्चे सुबह से ही रंग, पिचकारी लेकर घर से निकल गए और अपने हम उम्र साथियों के साथ होली के आनंद में मशगूल हो गए। युवाओं की भी अपनी अगल महफिल जमीं थी। यह नजारा मोहल्लेे के हर कॉलोनी, गली और चौक चौराहे पर दिख रहा था। महिलाओं की टोली भी किसी से कम नहीं थी। घर की छत या अपार्टमेंट की छत पर महिलाओं की महफिल जमी थी। पुरूषों की तरह महिलाओं ने भी होली का आनंद उठाया। सभी एक-दूसरे को रंगने में जुटी हुई थी। होली में लजीज व्यंजनों के बिना त्योहार अधूरा माना जाता है। होली को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजार किया गया था। सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल को तैनात किया गया था।
मस्ती में डूबे रहे युवा और बच्चे
भुआबिछिया. रंग, गुलाल और अबीर से एक-दूसरे को सराबोर करने की होड़ और होली के गीतों की मस्ती के साथ रंगों का त्योहार होली बुधवार एवं गुरूवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्या अमीर, क्या गरीब सभी एक ही रंग में नजर रहे थे। हर तरफ होली की धूम थी। बच्चे, बूढ़े, जवान सभी होली की मस्ती में थे। बुधवार को पूरे जिले में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ पूरे जिले में होली शांतिपूर्ण रहीं। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जिले में होली की उमंग मंगलवार से ही दिखने लगा था। मंगलवार की शाम होलिका दहन के बाद से ही लोग होली के रंग में रंगने लगे थे। सुबह होते-होते लोग होली की मस्ती में डूब गए। बच्चों की मस्ती तो मंगलवार शाम से ही दिखने लगी थी। होली है होली है की गूंज हर गली, हर मुहल्ले में गूंजने लगी। बच्चे सुबह होने का इंतजार करने लगे। बुधवार की सुबह मौसम में ठंडापन था, लेकिन यह ठंडापन बच्चों के उत्साह को रोकने में विफल रहा। यहीं हाल आमजनों का भी रहा। सुबह 10 बजे के बाद हर कोई होलियाना मुड़ में नजर रहा था। होली आई रे कन्हाई, रंग बरसे की धून पर लोगों का जो थिरकना शुरू हुआ वह दोपहर तक जारी रहा। सड़क पर मतवालों की टोली चल रही थी।