
मंदसौर.
मंदसौर अपना दूसरा गौरव दिवस आज मनाएगा। इस बार गौरव दिवस से पहले विधायक का नाम आंमत्रण कार्ड में नहीं होने को लेकर विरोध हो गया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया से लेकर नगर पालिका पहुंचकर विधायक विपीन जैन को नहीं बुलाने पर आपत्ति दर्ज कराई। परिषद के 40 में से सिर्फ 8 पार्षद ही कांग्रेस के है लेकिन विरोध करने के लिए वह भी पूरे नहीं पहुंचे। कोई बाहर गया तो किसी ने पति को भेज दिया। सीएमओ से जब विधायक का नाम नहीं होने और प्रोटोकॉल पर सवाल किए तो सीएमओ ने कहा कि अध्यक्ष व परिषद के कहने पर ही वह करते है इस मामले पर अध्यक्ष से चर्चा करेंगे तो पार्षदों ने कहा कि नियम क्या कहता है यह तो बताओं या आपको भी नपा के पार्षद या सभापति मान ले। पार्षदों व सीएमओ के बीच इस मामले में कुछ मिनट सवाल-जवाब चलते रहे और विरोध की औपचारिकता पूरी कर कांग्रेस पार्षद लौट गए।
विधायक को गौरव दिवस में नहीं बुलाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया
नपा प्रतिपक्ष रफत पयामी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने गुरुवार को सीएमओ से मिलकर विधायक विपिन जैन को गौरव दिवस में आमंत्रित नहीं करने आपत्ति दर्ज कराई तथा ज्ञापन देकर कहा कि समस्त कांग्रेस पार्षद गौरव दिवस कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे। इस अवसर पर कमरूनिशा अंसारी, तबस्सुम अंसारी, प्रीतम पंचोली, पार्षद प्रतिनिधि कमलेश सोनी और आरिफ अंसारी मौजूद थे। ज्ञापन में कहा कि गौरव दिवस के कार्यक्रम में विधायक को नहीं बुलाना प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। इस शासकीय स्तर के आयोजन में निर्वाचित लोकतांत्रिक पद्धति से चुने हुए विधायक को इस कार्यक्रम में अतिथि आमंत्रित नहीं किया। इसका विरोध करते हुए कहा कि नहीं बुलाया तो कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे। इधर सीएमओ पार्षदों के सवालों पर जवाब भी नहीं दे पाए।
आज मंदसौर गौरव दिवस पर भगवान पशुपतिनाथ की महाआरती होगी
नगर गौरव दिवस पर भगवान पशुपतिनाथ की महाआरती होगी। इसके साथ ही सम्राट यशोधर्मन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता चावला, सीएमओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 8 दिसंबर को नगर का गौरव दिवस मनाया जाएगा। पशुपतिनाथ महादेव की महाआरती का आयोजन शाम 6 बजे होगा। इसके बाद शाम 7 बजे पशुपतिनाथ मंदिर के समीप शिवना तट छोटी पुलिया पर आतिबाजी की जाएगी। सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व विधायक यशपालसिंह सिसौदिया, हुडको के डायरेक्टर बंशीलाल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया, भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष अरविंद सारस्वत, दक्षिण मंडल अध्यक्ष अजय आसेरी अतिथि के रुप में शामिल होंगे।
Published on:
08 Dec 2023 11:57 am
बड़ी खबरें
View Allमंदसौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
