9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘भाजपा में दम है तो 2019 का चुनाव बैलेट पेपर से कराए’

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता का सवाल- ईवीएम से हुए चुनाव में ही क्यों जीती बीजेपी

2 min read
Google source verification
Samajwadi party leader

Samajwadi party leader

मथुरा। समाजवादी पार्टी के पार्टी प्रवक्ता सुनील शर्मा ने उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर सवाल खड़ा किया है। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार ने निकाय चुनाव में गड़बड़ी की है। जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से चुनाव हुआ है, वहां भाजपा ने कब्जा किया है। जहां पर बैलेट पेपर से चुनाव हुए हैं, वहां विपक्ष आगे रहा है। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि 2019 को चुनाव बैलेट पेपर से कराए।


सपा खत्म होने वाली नहीं
श्री शर्मा ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि पिछली बार भारतीय जनता पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी सरकार को खत्म करने का काम किया था। इस बार समाजवादी पार्टी को खत्म करने का प्रयास किया है, मगर हमारी पार्टी का वजूद खत्म नहीं होगा। भाजपा सरकार ने लाख कोशिश की, उसके बावजूद हम लोग निकाय चुनाव में दूसरे नम्बर पर आए हैं। उत्तर प्रदेश में 16 नगर निगम के चुनाव हुए। 14 सीट पर भाजपा ने कब्जा किया है। यहां ईवीएम से चुनाव हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष की बात करें तो 198 सीटों पर बैलेट पेपर से चुनाव हुआ, जिसमें से भाजपा ने 70 सीटें प्राप्त की तो विपक्ष ने 129 सीटें प्राप्त की हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष पद की बात करें तो 438 में से भाजपा ने 100 सीटें प्राप्त कीं, वहीं विपक्ष ने 338 सीटें प्राप्त की। इससे साफ जाहिर होता है कि बीजेपी सरकार ने किस तरीके से निकाय चुनाव पर कब्जा किया है।

हकीकत पता चल जाएगी भाजपा को
सपा प्रवक्ता ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव अगर सरकार बैलेट पेपर से करा लेती है, तो उसको जमीनी हकीकत भी पता लग जाएगी। भाजपा सरकार हमेशा से जुमलेबाजी करती नजर आई है। अखिलेश सरकार ने विकास कराया है, जबकि बीजेपी सरकार अपना दावा पेश करती है। हकीकत सब जानते हैं कि भाजपा सरकार ने अभी तक जुमलेबाजी के अलावा कुछ नहीं किया है। अब यह चुनावों में भी जो कार्य किया है, वो किसी से छिपा नहीं है। हम लोग विपक्ष में हैं और इसके बावजूद पर्याप्त सीटें प्राप्त की है। ईमानदारी से सीटें प्राप्त की हैं, भाजपा की तरह कोई छल नहीं किया है।