
सांकेतिक इमेज (सोर्स- AI)
मथुरा के वृंदावन इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर के बाहर लगे कूलर में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई है। मरने वाला युवक मध्य प्रदेश के छतरपुर का रहने वाला था। दर्शन के लिए जाते समय वह करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि जिस कूलर से हादसा हुआ है, उसे नगर निगम ने लगवाया था। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
वृंदावन के रमणरेती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मंदिर दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की कूलर में आए करंट की वजह से मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाला युवक मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का रहने वाला था और वृंदावन में ठाकुरजी के दर्शन करने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक मंदिर के बाहर जूते-चप्पल उतार कर मुख्य द्वार की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान वहां रखे एक कूलर के संपर्क में आते ही उसे करंट लग गया।
करंट लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं पाए। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद लोगों में नगर निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखी गई।
हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही कूलर और बिजली कनेक्शन की जांच कराई जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाने वाले बिजली उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले अनिल गुप्ता अपने 21 साल के बेटे अभिज्ञान गुप्ता के साथ वृंदावन दर्शन करने आए थे। दोपहर में पिता-पुत्र इस्कॉन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर के मुख्य गेट के पास लगे वाटर स्प्रे कूलर के नीचे अभिज्ञान चप्पल उतार रहा था। इसी दौरान कूलर में करंट आ गया और वह चपेट में आ गया।
Updated on:
15 Jun 2026 07:27 pm
Published on:
15 Jun 2026 06:03 pm
बड़ी खबरें
View Allमथुरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
