अखिल भारतीय मानवाधिकार परिषद ने निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज को अपने द्वितीय डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विश्व शांति पुरस्कार-2016 से सम्मानित किया है।
मथुरा। अखिल भारतीय मानवाधिकार परिषद ने निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज को अपने द्वितीय डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विश्व शांति पुरस्कार-2016 से सम्मानित किया है। यहां मथुरा के कृष्णानगर स्थित निरंकारी भवन पर आयोजित सत्संग के दौरान यह जानकारी दी गयी। बाबा हरदेव सिंह महाराज अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी दिखाई राह पर लाखों लोग चल रहे हैं।
दिल्ली में पुत्री ने प्राप्त किया पुरस्कार
संयोजक हरविन्द्र कुमार ने बताया कि अखिल भारतीय मानवाधिकार परिषद ने द्वितीय डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विश्व शांति पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर इंडिया इस्लामिक सेंटर, लोधी रोड, दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में बाबा हरदेव जी की सुपुत्री सुदीक्षा सेतीया ने प्राप्त किया। उन्हें यह पुरस्कार परिषद के अध्यक्ष डॉ. एंटनी राजू, के.आर.मंगलम विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. के.के अग्रवाल तथा मानव रचना अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. प्रशांत भल्ला के हाथों प्रदान किया गया।
बाबा ने किया मानव कल्याण
डॉ. प्रशांत भल्ला ने कहा कि यह पुरस्कार निरंकारी बाबा द्वारा मानव कल्याण, प्रेम तथा शांति के लिए महान योगदान के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव जी समस्त मानवता को एकत्व की भावना से जीवन जीने का संदेश देते रहे, जो ईश्वर के एकत्व पर आधारित था। बाबा जी चाहते थे कि हर मानव ब्रह्मज्ञान द्वारा इस निराकार प्रभु परमात्मा के साथ नाता जोड़े, तभी हम मानवता को एकता तथा शांति प्रदान कर सकेंगे, एक दीवार रहित संसार का निर्माण कर सकेंगे। डॉ. एंटनी राजू ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी महाराज जैसे महान आध्यात्मिक मार्गदर्शक का सत्कार करके परिषद ने अपने आपको सम्मानित किया है।
सतगुरु माता सविन्दर हरदेव जी महाराज को समर्पित
निरंकारी किशोर ‘‘स्वर्ण‘‘ के अनुसार बाबा हरदेव की सुपुत्री सुदीक्षा सेतीया जी ने अपनी बड़ी बहन समता, संत निरंकारी मण्डल के सचिव सी.एल. गुलाटी तथा निरंकारी मिशन के अन्य अनेक प्रतिनिधियों की उपस्थित में पुरस्कार ग्रहण किया। इसके बाद सतगुरु माता सविन्दर हरदेव जी महाराज को समर्पित कर दिया।
सतसंगियों ने हर्ष जताया
संत निरंकारी मिशन मथुरा ब्रांच के संयोजक हरविन्द्र कुमार, मोहनसिंह, अशोक कुमार, जितेन्द्र, भरत, बिसम्बर, किशोर ‘‘स्वर्ण‘‘ सहित सभी भक्तों ने हर्ष व्यक्त किया है।