22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिना उपभोक्ताओं की सहमति से स्मार्ट मीटर न लगाए, शिकायत मिलने पर होगी कड़ी कार्यवाही: सांसद राजीव राय

Mau News: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक माननीय सांसद घोसी राजीव राय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में समिति के अध्यक्ष ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत चर्चा की। इस दौरान 100 शैय्या युक्त चिकित्सालय टड़ियांव घोसी में डॉक्टर […]

2 min read
Google source verification

मऊ

image

Abhishek Singh

Apr 22, 2026

Mau News: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक माननीय सांसद घोसी राजीव राय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में समिति के अध्यक्ष ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत चर्चा की। इस दौरान 100 शैय्या युक्त चिकित्सालय टड़ियांव घोसी में डॉक्टर की शत प्रतिशत उपस्थिति के बारे में सीएमएस द्वारा बताए जाने पर उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से उपस्थिति की जांच की।

फर्जी अस्पतालों को सील के साथ FIR करने का आदेश

जनपद में फर्जी अस्पतालों के खिलाफ की गई कार्यवाईयों की जानकारी लेते हुए समिति के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने समस्त पंजीकृत अस्पतालों में भी फर्जी डॉक्टर के पाए जाने की जांच करने के निर्देश दिए तथा फर्जी डॉक्टर पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करने को भी कहा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम का गठन कर जनपद के समस्त अस्पतालों की मानक अनुरूपता की जांच करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा सीज किए गए अस्पतालों के खिलाफ एफआईआर करने के भी निर्देश समिति द्वारा दिए गए।

आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान माननीय सांसद ने ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समस्त पात्रों का कार्ड बनवाना सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने, अन्यथा की स्थिति में कारण बताओं नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश उन्होंने दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा बार-बार स्मार्ट मीटर की शिकायत को देखते हुए माननीय सांसद जी ने बिना उपभोक्ताओं की सहमति से स्मार्ट मीटर न लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई उपभोक्ता इस बात की शिकायत करता है कि विभाग द्वारा जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाया गया है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी।

सांसद ने जनपद का सर्वे करते हुए जिन जिन स्थलों पर बॉस- बल्ली के सहारे विद्युत वितरण आपूर्ति हो रही है वहां पर बिजनेस प्लान के अंतर्गत खंभे एवं केबल द्वारा कनेक्शन देना सुनिश्चित करने को कहा। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पूर्ण परियोजनाओं का जनप्रतिनिधियों के माध्यम से एक महीने के अंदर लोकार्पण कार्य कराने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी द्वारा कसारा- कोपागंज के मरम्मत कार्य में बिना कार्य कराए ही भुगतान होने की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता को पूरे कार्य के आय- व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।