
मऊ जिले के मझवारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पतिला जमीन पतिला में मनरेगा के तहत पोखरी खुदाई में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। गांव के निवासी यशवंत राव ने इसकी शिकायत लोकपाल से की थी।
शिकायत में कहा गया था कि पोखरी की खुदाई मजदूरों से कराने की बजाय जेसीबी मशीन से कराई गई और निकली मिट्टी को बेच दिया गया। साथ ही मनरेगा के पैसे का गलत तरीके से भुगतान किया गया।
लोकपाल विनीता पांडेय ने मौके पर जांच की। जांच में करीब 2 लाख 9 हजार 323 रुपये के गबन की पुष्टि हुई। यह भी सामने आया कि मनरेगा के नियमों के खिलाफ मशीन से काम कराया गया, जबकि इस योजना में मशीन का इस्तेमाल पूरी तरह मना है। जांच में यह भी पाया गया कि गाटा संख्या 247 में यह काम हुआ और मिट्टी को ट्रैक्टर से निकालकर कुछ लोगों को भराई के लिए बेच दिया गया। फर्जी मस्टर रोल बनाकर पैसे भी निकाले गए।
इस मामले को गंभीर मानते हुए लोकपाल ने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक और रोजगार सेवक से पूरी रकम वसूलने का आदेश दिया है। यह पैसा सरकारी खजाने में जमा कराया जाएगा। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश भी की गई है। जांच के समय ग्राम प्रधान और तकनीकी सहायक के मौजूद न रहने पर उन्हें लापरवाही मानते हुए चेतावनी दी गई है।
हालांकि, खड़ंजा (सड़क) निर्माण का काम सही पाया गया, इसलिए उस शिकायत को खत्म कर दिया गया है।
लोकपाल ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है और जल्द से जल्द पैसे की वसूली कर सरकारी खाते में जमा कराने को कहा है।
Published on:
18 Apr 2026 04:09 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
