
मऊ के बड़ी बाजार में होली का जश्न बदला दर्दनाक
Mau Crime News: मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर के बड़ी बाजार में बुधवार दोपहर होली जुलूस के दौरान तेजाब फेंकने का आरोप सामने आया है। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि पांच अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वलीदपुर के काजी टोला मोहल्ले के रहने वाले मनीष कंस्कार (25) होली के जुलूस में शामिल थे। बुधवार को लगभग दोपहर 12 बजे जुलूस संगतजी मंदिर से निकलकर अपने पुराने रास्ते सोनार गली छोटी बाजार होते हुए बड़ी बाजार पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग एक-दूसरे पर रंग और गुलाल उड़ा रहे थे और होली का उत्सव मना रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि भीड़ और होली के हुड़दंग का फायदा उठाते हुए किसी ने एक मकान की छत से तेजाब फेंक दिया।
तेजाब सीधे मनीष कंस्कार पर गिरा, जिससे उनके दोनों हाथ बुरी तरह से झुलस गए। तेजाब गिरते ही मनीष दर्द से जमीन पर गिर पड़े और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। जुलूस में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मनीष के अलावा वहां मौजूद पांच अन्य लोगों के ऊपर भी तेजाब के हल्के छींटे पड़े, जिससे वे मामूली रूप से झुलस गए।
घटना के बाद जुलूस में शामिल लोगों ने तुरंत मनीष को मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित मनीष कंस्कार ने बड़ी बाजार के रहने वाले तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पड़ताल की जा रही है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तरफ से तहरीर मिल गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित ने तेजाब फेंके जाने का आरोप लगाया है, लेकिन इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
Published on:
05 Mar 2026 01:00 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
