
Mau crime news: मऊ शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सहादतपुरा में मुथुट फाइनेंस कंपनी की शाखा से फर्जी दस्तावेज और नकली सोने के जेवर के जरिए लोन लेने पहुंचे दो जालसाजों को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजीपुर के मुबारकपुर निवासी कृष्णानंद मिश्रा और जोगा मुसाहिब निवासी राहुल सिंह यादव के रूप में हुई है।
एएसपी महेश सिंह अत्री ने मंगलवार को शहर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस प्रकरण का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम लगभग पांच बजे दोनों आरोपी मुथुट फाइनेंस की शाखा में सोने की पॉलिश वाला ब्रेसलेट लेकर 2.80 लाख रुपये का लोन लेने पहुंचे थे। शाखा प्रबंधक मोहम्मद कादिर को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और पूछताछ में दोनों के जवाबों में विरोधाभास मिलने पर उन्होंने तुरंत शहर कोतवाल को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी इससे पहले भी वाराणसी के पहड़िया और गाजीपुर के कासिमाबाद स्थित मुथुट फाइनेंस की शाखाओं से लगभग 5,55,350 रुपये का लोन नकली जेवरों के आधार पर लेने का प्रयास कर चुके हैं।
शाखा प्रबंधक की तहरीर पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
Published on:
23 Jul 2025 03:46 pm
