
छोटे लाल गांधी ने की इच्छा मृत्यु की मांग
मऊ. सीएम योगी सरकार लाख दावा कर ले कि भू-माफिया में शिकंजा कसने में सफल रही हो लेकिन हकिकत कुछ और ही है। सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी भू-माफिया सरकारी जमीनों पर कब्जा जमाये हुए हैं और सरकार को चुनौती देते हुए उस पर निर्माण कार्य भी करा रहे हैं। जबकि जिला प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। ऐसा ही एक मामला मऊ जिले में सामने आया है, जहां एक भू-माफिया सरकारी जमीन पर न सिर्फ कब्जा किया बल्कि उस पर निमार्ण भी करा रहा है और प्रशासन हाथ पे हाथ धरे बैठा हुआ है। भू-माफिया द्वारा कब्जा किए जाने व प्रशासन की कार्य प्रणाली से क्षुब्ध होकर मऊ के समाजसेवी छोटे लाल गांधी ने गुरूवार को राष्टपति से इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
सवाजसेवी छोटे लाल गांधी ने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की मांग कर के जिला प्रशासन की धड़कन को बढा दिया है। दरअसल छोटे लाल गांधी नगर क्षेत्र के करोड़ों रुपये की किमत वाली तालाब की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिस पर जिले के एक भू-माफिया और सत्ता पक्ष में ऊची पैंठ रखने वाले ने कब्जा कर रखा है। यहीं नहीं अब उस पर निर्माण भी करा रहा है। निर्माण कार्य को रुकवाने और तालाब से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर ही छोटे लाल गांधी ने पहले कमिश्नर से लेकर जिले के आलाधिकारियों तक गुहार लगाई, लेकिन कार्यवाही न होने पर प्रशासन के रवैये से नाराज होकर उन्होंने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की मांग की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मऊ जिला के शहर कोतवाली के जिला अस्पताल के ठीक सामने नेशनल हाइवे के किनारे सरकारी तालाब स्थापित है। जिस पर जिले के एक भू-माफिया ने अवैध कब्जा कर उस पर निर्माण कार्य करा रहा है। निर्माण कार्य को रोकने और अवैध कब्जा हटाने के लिए समाजसेवी छोटे लाल गांधी ने जिला प्रशासन से मांग की। लेकिन जिला प्रशासन के यहां पर सुनवाई नहीं होने से कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट ने निर्माण पर रोक लगा दिया। लेकिन कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए भूमाफिया ने निर्माण कार्य जारी रखा।
छोटे लाल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन की मिली भगत से भू-माफिया सरकारी तालाब पर निर्माण कार्य करा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकता तो उन्हें ही इच्छा मृत्यु की इजाजत दे दी जाय। छोटे लाल गांधी ने अपनी मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने इच्छा मृत्यु की मांग पूरी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।
By Vijay Mishra
Published on:
14 Sept 2017 08:20 pm

बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
