मेरठ

मेरठ में आप कार्यकर्ताओं ने फूंका ईडी का पुतला, पीएम मोदी पर लगाए गंभीर आरोप

दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी का नोटिस दिए जाने से आप कार्यकर्ताओं में रोष है। मेरठ में आज जिला मुख्यालय में आप कार्यकर्ताओं ने ईडी के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए प्रवर्तन निदेशालय का पुतला फूंका।

3 min read
Nov 02, 2023
मेरठ में आप कार्यकर्ताओं ने फूंका ईडी का पुतला, पीएम मोदी पर लगाए गंभीर आरोप

Meerut News: आज आम आदमी पार्टी ने मेरठ जिला मुख्यालय पर ईडी का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। आप के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों मिलकर आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहते हैं। यही कारण है कि एक के बाद एक केस लगाकर आम आदमी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उनको जेल में डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की नोटिस अरविंद केजरीवाल के काम को रोकने की साजिश है। अंकुश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मॉडल आफ गवर्नेंस से घबराए हुए हैं।

IMAGE CREDIT: मेरठ में आप कार्यकर्ताओं ने फूंका ईडी का पुतला

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को मात्र तीन सीटों पर दिल्ली में समेट दिया
जबसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बने हैं। उसके बाद से अगर एक आदमी से वह सबसे अधिक परेशान हैं, सबसे अधिक डरते हैं, तो वो अरविंद केजरीवाल हैं। अंकुश चौधरी का आरोप था कि नरेंद्र मोदी को लगता था कि उनका अश्वमेध का रथ कोई नेता या पार्टी रोक सकती है तो उसका नाम आम आदमी पार्टी है।

जब 2014 के चुनाव के बाद एक के बाद एक हर राज्य के चुनाव में भाजपा जीत रही थी। ऐसे में फरवरी 2015 में प्रधानमंत्री की हर कोशिश के बावजूद अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को मात्र तीन सीटों पर दिल्ली में समेट दिया था। आम आदमी पार्टी 70 में 67 सीट लेकर आई।

आम आदमी पार्टी के सारे शीर्ष नेताओं को भाजपा जेल में डाल देगी
उन्होंने कहा कि 2020 में फिर भाजपा ने अपना पूरा जोर लगा दिया। एक-एक नेता को उतार दिया कई प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रचार प्रसार में लगे रहे, जब उससे भी काम नहीं चला तो दिल्ली का माहौल खराब कर दिया।
अगर अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो जाते हैं। इसका यह मतलब होगा कि आम आदमी पार्टी के सारे शीर्ष नेताओं को भाजपा जेल में डाल देगी।

सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल करने का किस्सा, अरविंद केजरीवाल पर नहीं खत्म होगा
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह, सहित पार्टी के सारे शीर्ष नेताओं को जेल में डालने का एक ही मतलब है कि वह आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाह रहे हैं। अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों को जेल में डालने का किस्सा, सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल करने का किस्सा, अरविंद केजरीवाल पर नहीं खत्म होगा। अरविंद केजरीवाल को जेल में डालने के बाद विपक्ष के एक-एक नेता को भी जेल में डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद अगला नंबर हेमंत सोरेन का आएगा। जिनको भाजपा झारखंड में नहीं हरा पाती है।

IMAGE CREDIT: दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन में आप का मेरठ में जोरदार प्रदर्शन

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद इन नेताओं का नंबर
हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद अगला नंबर तेजस्वी यादव का आएगा क्योंकि भाजपा आरजेडी और नीतीश कुमार की एलाइंस को बिहार में नहीं हरा पाती है। अगला नंबर पिनाराई विजयन का आएगा क्योंकि भाजपा केरल में उनको नहीं हरा पाती। अगला नंबर स्टालिन का आएगा क्योंकि भाजपा तमिलनाडु में डीएमके को नहीं हरा पाती है। एक के बाद एक भाजपा अपनी सीबीआई और ईडी का प्रयोग करके अपने विपक्ष के सारे नेताओं को जेल में डालने की कोशिश कर रही है।

बिना साक्ष्य के जेल भेजना और छापेमारी करके डराने की कोशिश
अंकुश चौधरी ने कहा की सांसद संजय सिंह द्वारा उठाये गए किसान, नौजवान, बेरोजगार, व पुरानी पेंशन बहाली जैसे सभी मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा की बीजेपी सरकार की दमनकारी नीतियों के चलते लगातार हमारे नेताओं का बिना कारण उत्पीड़न किया जा रहा है। बिना साक्ष्य के जेल भेजना और छापेमारी करके डराने की कोशिश हो रही हैं। लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। हम संगठित होकर संघर्ष करेगे अगर 2024 में बीजेपी जीत गई तो देश में लोकतंत्र ख़तम हो जायेगा।

Published on:
02 Nov 2023 08:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर