मेरठ। UP Travel Guide में आज हम उस प्राचीन मां चंडी देवी के मंदिर के बारे में बात कर रहे हैं, जिसका निर्माण दशानन रावण की पत्नी मंदोदरी ने करवाया था। दिल्ली से 65 किलोमीटर दूर मेरठ भैंसाली रोडवेज बस स्टैंड से चार किलोमीटर दूर करीब तीन हजार साल पुराना चंडी देवी मंदिर का निर्माण मेरठ कोतवाली क्षेत्र खंदक में रहने वाली मंदोदरी ने बनवाया था। बताते हैं कि घर से लेकर मंदिर तक करीब चार किलोमीटर सुरंग भी बनवाई गई थी, इसी गुफा से वह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आती थी। खुदाई के दौरान सुरंग मिलने के प्रमाण भी मिले। चंडी देवी मंदिर की स्थापना चैत्र नव संवत्सर में हुई थी, इस अवसर पर तब यहां तीन दिन का चंडी देवी मेला लगता था, जो पैठ की शक्ल में होता था। धीरे-धीरे मेले की अवधि बढ़ती गई। अब यह मेला उत्तर भारत का सबसे बड़ा मेला नौचंदी मेला के नाम से प्रसिद्ध है।