
तीन बेटियों के सामने उनकी मां की निर्मम हत्या। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज
Husband Murdered Wife:उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीदनगर में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। यहां 27 साल की कौसर की उसके ही पति साकिब ने बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात उनकी 3 छोटी बेटियों के सामने ही हुई
हत्या के बाद आरोपी साकिब ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट का विरोध करने पर हत्या की कहानी गढ़ी। उसने घर का सामान इधर-उधर फैला दिया ताकि मामला लूट जैसा लगे। हालांकि, पुलिस की जांच और सख्त पूछताछ में उसकी कहानी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मृतका कौसर अपने पति साकिब और तीन बेटियों—सानिया (5), कुलसुम (3) और डेढ़ साल की इनाया—के साथ किराये के मकान में रहती थी। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोसियों ने घटना की सूचना कौसर के परिजनों को दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच के मुताबिक, गुरुवार रात गर्मी के कारण परिवार कमरे के बाहर टीन शेड में सोया था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6 बजे कौसर अपनी तीनों बेटियों को लेकर कमरे में चली गई। कुछ देर बाद साकिब भी कमरे में पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद साकिब ने पेपर कटर से कौसर का गला रेत दिया। इसके बाद उसने सबूत मिटाने की कोशिश की और खून से सने हाथ घर में ही धोए।
मृतका के भाई मुर्सलीम ने आरोप लगाया है कि साकिब के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध थे, जिसका कौसर विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो आखिरकार हत्या की वजह बना।
हत्या के बाद साकिब ने अपनी बेटियों को भी झूठ बोलने के लिए कहा। उसने उन्हें निर्देश दिया कि अगर पुलिस पूछे तो कहना कि घर में चोर आए थे। बेटियों ने उसी के मुताबिक मकान मालिक से संपर्क किया और अपने पिता को घर बुलाया।
SP सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपने बयान में कई झूठी कहानियां सुनाईं। कभी खुद को मंडी में बताया तो कभी बहन के घर। जब उसके बयानों में विरोधाभास मिला तो पुलिस का शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर आखिरकार उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
संबंधित विषय:
Published on:
02 May 2026 09:15 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
