रास्ते में इस्लामाबाद की ओर से दो युवक पैदल आए और कृष्णा भोला को रोककर कहा कि तुम्हारे पापा जी बुला रहे हैं। इस पर कृष्णा भोला ने कहा कि मेरे पापा दुकान पर हैं, वह नहीं बुला सकते। युवक बच्चे को जबरन साथ ले जाने लगे। बच्चे ने शोर मचा दिया। इस पर दोनों युवक वहां से भाग गए। बच्चे के शोर की आवाज सुनकर बाजार और कालोनी के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्चे के परिजन भी आ गए। भाजपा पार्षद जितेंद्र पाहवा और पूर्व पार्षद के नेतृत्व में कालोनी के लोगों ने थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, मगर जिस जगह की घटना है वहां से कैमरे दूरी पर लगे हैं। बता दें कि इससे पहले प्रहलाद नगर में एक वर्ग विशेष से परेशान होकर लोगों ने अपने मकान बेचने शुरू कर दिए थे। मामला सुर्खियों में आने के बाद पूरे मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके बाद वहां पर पुलिस पिकेट भी तैनात की गई थी। इसके बाद भी प्रहलाद नगर में घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।