बागपत के पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में अजित सिंह ने कार्यकर्ता के साथ बैठक की। बताया जाता है कि इस दौरान बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। लेकिन इस बैठक में चुनिंदा कार्यकर्ताओं को ही चौधरी अजित सिंह से मिलने इजाजत दी गई। बैठक के दौरान आरएलडी के कोई भी बड़े नेता नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि यह बैठक अजित सिंह सीधे ही कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए कर रहे हैं, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए जमीनी स्तर पर कार्य योजना तैयार की जा सके। यही वजह है कि बड़े नेताओं से मिलने के बजाय अजित सिंह सीधे कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे हैं। दरअसल, यह बताया जा रहा है कि अजित सिंह चाहते हैं कि धरातल पर होने वाली किसी भी परेशानी को समय से पहले दूर किया जा सके। इसके लिए बैठक में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश को निषेध किया गया है। बैठक के दौरान पहुंचे मीडियाकर्मियों को भी इस बैठक से दूर रखा गया। हालांकि ,गेस्ट हाउस के अंदर और बाहर काफी भीड़ मौजूद रही। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि चौधरी अजित सिंह 2019 चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है।