24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मेरठ अग्निकांड: नमाज पढ़ने गया था पिता, घर लौटा तो 5 बच्चों समेत परिवार खत्म, 30 मिनट तक मौत का तांडव

Meerut Fire Incident: यूपी के मेरठ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर में आग लगने से पूरा परिवार ही समाप्त हो गया।

2 min read
Google source verification

मेरठ

image

Anuj Singh

Feb 24, 2026

किदवई नगर में आग का तांडव

किदवई नगर में आग का तांडव

Meerut News: यूपा के मेरठ के किदवई नगर इलाके में एक कपड़ा कारोबारी के घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में परिवार के 6 लोग जिंदा जलकर मर गए। इनमें 5 बच्चे शामिल थे, जिनमें जुड़वां बेटियां भी थीं। यह घटना सोमवार की शाम हुई, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। घटना सोमवार की देर शाम कपड़ा कारोबारी इकबाल उर्फ आसिम अपने भाई फारुख के साथ नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। घर में उस समय इकबाल की पत्नी रुखसार (30 साल), उनकी मां अमीर बानो (55 साल) और 5 बच्चे थे। बच्चे खेल रहे थे और महिलाएं रसोई में खाना बना रही थीं। अचानक घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सभी लोग लपटों में फंस गए। घर दो मंजिला था और उसमें कपड़ों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। कपड़े होने से आग और तेजी से भड़क गई।

बचाव कार्य और मुश्किलें

पड़ोसियों ने धुआं और लपटें देखकर शोर मचाया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इलाका संकरी गलियों वाला है, इसलिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर नहीं जा सकीं। फायर फाइटर्स को पड़ोसी घरों की छतों से होकर मकान तक पहुंचना पड़ा। उन्होंने सामने वाले मकान से सीढ़ियां लगाकर अंदर जाकर लोगों को निकालने की कोशिश की।
करीब 30 मिनट तक परिवार लपटों में फंसा रहा। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को लगभग 2 घंटे लगे। बचाव के दौरान इकबाल की मां अमीर बानो और एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

भीषण हादसे में इनकी मौत

अस्पताल पहुंचाने पर रुखसार और 5 बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया।

महविश (12 साल) – फारुख की बेटी
हम्माद (4 साल) – फारुख का बेटा
अद्दस (3 साल)
नाबिया (6 माह) और इनायत (6 माह) – इकबाल-रुखसार की जुड़वां बेटियां

यह देखकर हर किसी का दिल टूट गया। इकबाल जब मस्जिद से लौटे और उन्हें पता चला, तो वे फूट-फूटकर रोने लगे। लोग उन्हें समझा-बुझाकर ढांढस बंधा रहे थे।

पुलिस जांच और कारण

पुलिस की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस लीक होने से आग लगी होगी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को परेशानी हुई, लेकिन टीम ने छतों के रास्ते जाकर सभी को निकालने की कोशिश की।

इलाके में शोक और अफसोस

इस हादसे से पूरा किदवई नगर इलाका सदमे में है। अस्पताल में मोहल्ले के लोग और रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिवाल खास के विधायक गुलाम मोहम्मद, डीएम वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसपी क्राइम अवनीश कुमार और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। इकबाल कपड़ों का कारोबार करते हैं। वे ऑर्डर पर कपड़े तैयार कराते हैं और दूसरे शहरों की प्रदर्शनियों में बेचते हैं। घर में कपड़ों की बड़ी मात्रा होने से आग और खतरनाक हो गई।