
मेरठ। सीआरपीएफ कमांडो सतेंद्र चौधरी के खिलाफ लूट, मारपीट और लाइसेेेंसी पिस्टल का दुरुपयोग के तीन मुकदमे दर्ज करके जेल भेजने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कमांडो की पत्नी ने सीआरपीएफ के कमांडेंट से पुलिस की ज्यादती की शिकायत की। कमांडेंट ने गृह मंत्रालय के अफसरों को इस मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। गृह मंत्रालय ने कमांडो की पत्नी और बेटे को दिल्ली बुलाया है। इसके साथ-साथ कमांडो के परिजनों ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश महिला आयोग से भी की है।
बारामूला में तैनात है कमांडो सतेंद्र
जम्मू कश्मीर के बारामूला में तैनात सीआरपीएफ के कमांडो सतेंद्र चौधरी मेरठ के शास्त्रीनगर के-ब्लाॅक के निवासी हैं। यहां उनका परिवार रहता है। इन दिनों सतेंद्र 15 दिन की छुट्टी पर घर आए हुए हैं। बुधवार की रात वह घर के बाहर बैठे हुए थे। तो वहां बाइक तेज चलाने को लेकर जोमेटो डिलीवरी ब्वॉय विवेक त्रिपाठी से उनका विवाद हुआ। मौके पर पहुंची मेडिकल थाना पुलिस ने कमांडो के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज करके जेल भेज दिया था।
सीआरपीएफ कमांडेंट से शिकायत
कमांडो की पत्नी मंजू सांगवान ने इस मामले की जानकारी सीआरपीएफ कमांडेंट को दी। कमांडेंट ने गृह मंत्रालय के अफसरों को अवगत कराया। इसके बाद कमांडेंट ने कमांडो की पत्नी को बताया कि उन्हें एवं बेटे देवांशु को गृह मंत्रालय के अफसरों ने दिल्ली बुलाया है। मंत्रालय के अफसरों ने इस मामले में उन्हें पूरी मदद का आश्वासन दिया है।
महिला की पिटाई का वीडियो वायरल
उस रात डिलीवरी ब्वाय से विवाद के बाद कमांडो के घर हुए हंगामे की वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुई है। वीडियो में दरोगा महिलाओं को चांटा मारते हुए दिख रहा है। महिला की पिटाई के बाद वहां मौजूद लोगों का आक्रोश भड़का और उन्होंने हंगामा कर दिया। इसके बाद दोनों तरफ से हाथापाई भी हुई। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से अफसर मेडिकल पुलिस के बचाव में आ गए हैं।
लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा
सीआरपीएफ कमांडो पर तीन मुकदमे दर्ज करके जेल भेजने और परिजनों के खिलाफ दुर्व्यवहार के मामले में लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रालोद के वरिष्ठ नेता डा. राजकुमार सांगवान सीआरपीएफ कमांडो के परिजनों से मिले। उनका कहना है कि यह मामूली विवाद था, जिसे पुलिस मौके पर ही शांत कर सकती थी। लेकिन डिलीवरी ब्वॉय और दरोगा की दोस्ती में इस मामले को ऐसे तूल दिया गया। यह मामला देश की सुरक्षा में तैनात जवान से जुड़ा हुआ है। इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में एडीजी से शिकायत करने का आश्वासन दिया। उप्र महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने मेरठ पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच की बात की है।
पुलिस की जांच में ये आया सामने
एसएसपी अजय साहनी ने सिविल लाइन सीओ हरिमोहन सिंह और मेडिकल थाने के सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह को बुलाकर प्रकरण में बातचीत की। एसएसपी का कहना है कि सीओ की जांच रिपोर्ट आ गई है। मेडिकल पुलिस की कार्रवाई एकदम सही है। मेडिकल जांच में सीआरपीएफ का कमांडो नशे में पाया गया था। उसने पुलिस से मारपीट की और पिस्टल तानी। कमांडो पर सही कार्रवाई की गई है।
Published on:
24 Aug 2019, 2:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.