
पाकिस्तान पर भारत की जीत होने के बाद मेरठ के बेगमपुल पर खुशियां मनाते व्यापारी।
Meerut News: भारत ने आज विश्व कप 2023 के मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। भारत की इस जीत का जश्न मेरठ के बेगमपुल में क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर मनाया। मेरठ में क्रिकेट प्रेमियों ने इस दौरान भारतीय टीम की पाकिस्तान के खिलाफ जीत पर तिरंगा लहराया और मिठाइयां बांटी। इस दौरान बेगमपुल पर जमकर आतिशबाजी की गई।
बेगमपुल पर तिरंगा लहराया गया
पाकिस्तान पर जैसे ही भारत की जीत सुनिश्चित हुई मेरठ के दिल कहे जाने वाले बेगमपुल पर व्यापारी और क्रिकेट प्रेमियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। जैसे ही भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर जीत का चौका लगाया बेगमपुल पर तिरंगा लहराया गया।
व्यापारियों ने तिरंगा लहराकर और आतिशबाजी करके भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया। व्यापारियों का कहना था कि भारत इस बार विश्व कप जरूर जीतेगा। आबूलैन व्यापार संघ अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज भारत ने विश्व कप के अपने मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर अपनी काबिलियत साबित कर दी है।
भारतीय क्रिकेट टीम के हर खिलाड़ी को बधाई दी
उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के हर खिलाड़ी को बधाई दी और कहा कि भारत की इस जीत में हर क्रिकेटर का योगदान रहा है। भारतीय गेंदबाजों ने जिस तरह से पाकिस्तान बल्लेबाजों को आउट किया वो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इसी के साथ भारत ने अपना विश्वकप में रिकार्ड बरकरार रखा है। भारत अभी तक विश्वकप में पाकिस्तान से एक भी मैच नहीं हारा है। उन्होंने कहा कि भारत की ये जीत आगे होने वाले मुकाबलों में बूस्टर डोज की तरह होगी।
बेगमपुल पर क्रिकेट प्रेमियों का हुज्जूम उमड़ पड़ा
इस दौरान बेगमपुल पर क्रिकेट प्रेमियों का हुज्जूम उमड़ पड़ा। चारों तरफ तिरंगा लहराता दिखाई दे रहा था और लोग एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर भारत की जीत की खुशी मना रहे थे। इससे बेगमपुल पर काफी लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे रोडवेज बसों के यात्री भी बस से उतरकर भारत की इस जीत में शामिल हुए और उन्होंने भारत माता की जय के नारे लगाए।
विश्व कप में पाक के खिलाफ भारत की आठवीं जीत
बता दे आज आईसीसी विश्व कप 2023 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया है। विश्व कप में पाक के खिलाफ भारत की आठवीं जीत है। भारत ने विश्व कप टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल की है। इससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ अपने मैच जीते। अब भारत ने आईसीसी विश्वकप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को भी धूल चटाई।
आईसीसी विश्व कप में भारत लगातार अपने तीन मैच जीत चुका है। भारत के अब छह अंक हो गए हैं। टीम इंडिया का अगला मुकाबला 19 अक्तूबर को बांग्लादेश से पुणे में है। जगकि भारत से हारी पाकिस्तान का अगला मैच 20 तारीख को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बंगलूरू में होगा।
Published on:
14 Oct 2023 09:47 pm

बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
