
मेरठ। सरकारें बनने और बिगडऩे पर सबसे ज्यादा खामियाजा नेताओं को भुगतना पड़ता है। कुछ पर राजनैतिक द्वेषभाव के चलते मुकदमे दर्ज होते हैं तो कुछ पर उसके बढ़ते प्रभाव के कारण। वेस्ट यूपी के फायरब्रांड भाजपा विधायक संगीत सोम पर भी सपा और बसपा कार्यकाल में सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में मुकदमे दर्ज किए गए थे। अब भाजपा सरकार अपने इस विधायक पर दर्ज मुकदमों को वापस लेेने की तैयारी कर रही है। संगीत सोम पर वर्ष 2003 से 2017 के बीच मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ और गौतमबुद्धनगर में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान, सहारनपुर और नोएडा में पंचायत करके धारा 144 का उल्लंघन तथा सरधना से कैराना के लिए पैदल मार्च निकालने पर दर्ज किया गया मुकदमा भी शामिल है।
ढाई साल में वापस लिए सैकड़ों मुकदमे
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर दर्ज तमाम ऐसे मुकदमे वापस लिए जा चुके हैं। ये मुकदमे बसपा और सपा सरकार के कार्यकाल में उनके खिलाफ दर्ज हुए थे। इस सूची में संगीत सोम का नाम भी है। उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी आदेश (धारा 144) की अवज्ञा, जाम लगाना, बवाल करना, शहर में दहशत फैलाना, आईटी एक्ट तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियिम की धाराओं में दर्ज मामले शामिल हैं।
इन थानों से मांगी गई रिपोर्ट
भाजपा विधायक संगीत सोम के खिलाफ मुजफ्फरनगर के खतौली, कोतवाली, सिखेड़ा, मेरठ के सरधना, सहारनपुर के देवबंद और गौतमबुद्धनगर के थाना बिसाहड़ा में मुकदमा दर्ज हैं। प्रदेश शासन के विशेष सचिव राम बिलास सिंह ने संबंधित जनपदों से रिपोर्ट मांगी है। संबंधित थाने, एसएसपी, अभियोजन और जिला प्रशासन इसे तैयार करने में जुटे हैं। शासन ने सभी मामलों में अपराध की धाराएं, न्यायालय का नाम, वाद के तथ्य, वादी की चोटों का विवरण, विवेचना के दौरान बरामदगी, न्यायालय में मुकदमे की वर्तमान स्थिति, क्रास केस की स्थिति पूछी है। साथ ही केस डायरी में उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण अभियोजन अधिकारी से करा अभियोजन की सफलता और दुर्बलता का पूर्ण विवरण स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है। शासन ने जल्द से जल्द सभी संबंधित थानों और जिलों से रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। इस बारे में जब संगीत सोम से बात की गई तो उनका कहना था कि यह सब शासन स्तर से हो रहा है। उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।
Published on:
14 Aug 2019 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
