उत्तराखंड में होली के दिन हुई बारिश और बर्फबारी का असर वेस्ट यूपी के मौसम पर पड़ा है। मेरठ और आसपास के इलाकों में हल्के बादल छाए हैं।
आज सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। हालांकि धूप भी हल्का असर दिखा रही है। मौसम में बदलाव से तापमान में कुछ कमी आई है। मेरठ और आसपास के जिलों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। जिससे गर्मी अपेक्षाकृत हल्की होगी।
होली के दिन अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 14.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 35 से 75 प्रतिशत दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि आज अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : Holi 2023: जमकर हुई मस्ती-बच्चों ने खेली होली, देखे फोटो
होली के दिन दिल्ली और एनसीआर में हल्की बूंदाबादी से मौसम में बदलाव आया। मौसम के बदलने से वायु प्रदूषण में कुछ कमी आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर क्वालिटी रिपोर्ट के मुताबिक मेरठ का एक्यूआई आज 158 है।
यह ''मध्यम'' श्रेणी का एक्यूआई है। एनसीआर के शहरों में गाजियाबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स 160, नोएडा का 140 दर्ज किया गया।