मेडिकल क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने एसएसपी से शिकायत करते हुए अपने पति से जान का खतरा जताया है। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके डेढ़ वर्षीय मासूम पुत्र की हत्या का प्रयास भी किया था, लेकिन इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। मंगलपांडे नगर निवासी शैलजा का आरोप है कि उसका पति प्रतीक दहेज की मांग को लेकर अक्सर उसका उत्पीड़न करता था। बीती 25 मार्च को प्रतीक ने उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र की हत्या का प्रयास भी किया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ मेडिकल थाने में जानलेवा हमले और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पीड़िता का आरोप है कि मेडिकल पुलिस ने आरोपी से सेटिंग करके उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किया है।