
शिवपाल यादव और अखिलेश यादव
मिर्जापुर. समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे शिवपाल यादव के समाजवादी सेक्युलर मोर्चा गठित करने की घोषणा के बाद जिले में शिवपाल समर्थक एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। जिले में सपा के टूटने के आसार भी पैदा हो गए है। शिवपाल यादव के सबसे बड़े करीबी लालगंज से पूर्व ब्लॉक प्रमुख जय सिंह ने निर्देश मिलने के बाद सपा के असंतुष्ट नेताओं को साधना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार शिवपाल गुट का झंडा सपा से मिलता जुलता होगा।
शिवपाल यादव के सबसे करीबी नेता जय सिंह घोषणा होने के बाद से ही सक्रिय नजर आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक शिवपाल यादव की पार्टी ने अपना झंडा भी तय कर लिया है और यह झंडा समाजवादी पार्टी के झंडे से पूरी तरह से मिलता जुलता रहेगा। जहां सपा का झंडा लाल और आंशिक हरा है तो शिवपाल यादव के सेकुलर समाजवादी मोर्चा का झंडा आधा लाल और आधा हरा रहेगा। शिवपाल यादव के समर्थक नेताओं के मुताबिक आने वाले समय मे पूरे जिले में बैनर पोस्टर लगा कर जनता के बीच पहुंचने का प्रयास शुरू किया जाएगा।
शिवपाल गुट के नेता पूर्व लालगंज ब्लॉक प्रमुख जय सिंह का कहना है कि हम सभी को नेता जी का आशीर्वाद प्राप्त है, जो भी शिवपाल जी का निर्देश मिलेगा हम सभी तैयार हैं। बता दें कि जय सिंह का लालगंज सहित जिले के छानवे, मड़िहान इलाकों में अच्छा खासा प्रभाव है। शिवपाल यादव ने पार्टी में मचे घमासान के बीच प्रदेश अध्यक्ष रहते उन्हें समाजवादी पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाया था। समाजवादी पार्टी में आपस में सुलह नहीं होता तो आने वाले समय में शिवपाल यादव का प्रभाव लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता है, क्योंकि जिले में शिवपाल यादव के समर्थकों की संख्या सपा में अच्छी खासी है, देखना होगा कि कितने लोग शिवपाल की पार्टी का दामन थामते हैं।
BY- SURESH SINGH
Published on:
29 Aug 2018 04:56 pm

बड़ी खबरें
View Allमिर्जापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
