उत्तराखंडः चार लोगों ने काली नदी में लगाई छलांग, तीन पहुंचे अपने देश नेपाल
Coronavirus से खतरे के बीच उत्तराखंड से आई बड़ी खबर
घर पहुंचने के लिए चार लोगों ने काली नदी में लगाई छलांग
तीन पहुंचे अपने घर नेपाल, थक कर एक नागरिक लौटा भारत
नई दिल्ली। कोरोनावयारस ( coronavirus ) का खतरा लगातार देशभर में बढ़ता जा रहा है। अब तक देशभर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1100 के पार पहुंच चुकी है। कोरोना के बढ़ते कहर के बीच लोग अपने घर पहुंचने के लिए लगातार कोशिश में जुटे हैं। इस बीच उत्तराखंड ( Uttarakhand ) के पिथौरागढ़ ( Pithouragarh ) से चौंकाने वाली खबर सामने आई है।
देश में 21 दिन के लॉकडाउन के बीच कई लोग लगातार अपने घर जाने के लिए सड़कों पर निकल जाए हैं। वहीं उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की बॉर्डर तहसील धारचूला में तो स्वदेश लौटने के लिए कई नेपाली नागरिक जान को खतरे में डाल रहे हैं।
दरअसल पिछले पांच दिन में धारचूला में सैकड़ों नेपाली मजदूर इकट्ठा हुए हैं। नेपाल सरकार की ओर से पुल नहीं खोले जाने की वजह से ये लोग अपने-अपने घर पहुंचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।
इनके घर पहुंचने की बैचेनी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चार नेपालियों ने दोनों मुल्कों को बांटने वाली काली नदी में ही छलांग लगा दी।
इन 4 लोगों में 3 तैरकर अपने देश पहुंचने में सफल भी रहे। जबकि 1 नेपाली नागरिक को भारत वापस लौट आया।
ये मजदूर अपनी नेपाल सरकार से इस कदर नाराज हैं कि इन्होंने अपनी सरकार के खिलाफ ही जोरदार प्रदर्शन भी किया है। नेपालियों का कहना है कि उनकी सरकार भारत में फंसे नेपालियों के साथ ऐसा व्यवहार कर रही है, जैसे वो विदेशी हों।