
लोकसभा चुनाव 2019: मतदाताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर '1950' जारी, एक कॉल में मिलेगी हर जानकारी
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। चुनाव आयोग ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चुनावी तारीखों की घोषणा की। 543 लोकसभा सीटों के लिए होने वाला यह चुनाव 7 चरणों में होगा और 23 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं, चुनावों पर बार-बार उठते सवालों को देखते हुए चुनाव आयोग ने 2019 लोकसभा चुनाव के लिए कई खास तैयारियां की हैं। इनमें सबसे अहम है '1950 वोटर हेल्पलाइन नंबर'। आइए जानते हैं आखिर क्या है '1950 वोटर हेल्पलाइन नंबर', इससे मिलने वाली सुविधाएं और उसका उपयोग...
'1950 वोटर हेल्पलाइन नंबर'
लोकसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण को लेकर हेल्पलाइन नंबर 1950 की शुरुआत की है। इस हेल्पलाइन के जरिए मतदाता के मतदान या फिर पहचान पत्र को लेकर किसी भी तरह की परेशानी का तत्काल निवारण किया जाएगा। इस हेल्पलाइन नंबर के जरिए मतदाताओं को जानकारी देने और उनकी शिकायतों के निवारण की व्यवस्था की गई है।
मिलेगी यह सुविधा
हेल्पलाइन नंबर 1950 के जरिए वोटर यह जानकारी ले सकते हैं कि उनका नाम मतदाता सूची में है या नहीं। इस नंबर के जरिए वोटर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, हटाने और सुधार संबंधी जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। इस नंबर पर मतदाता सूची की पूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता इसके जरिए अपने मतदान केंद्र और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वोटर को अपना एपिक नंबर बताना होगा। एपिक नंबर मतदाता परिचय पत्र पर अंकित होता है। हर जिले में इस सुविधा के लिए चार लोगों का स्टाफ तैनात कर दिया गया है। यही नहीं अपने जिले के डीइओ, इआरओ, एइआरओ की जानकारी भी इससे ली जा सकती है। मतदाता बूथ लेवल अफसर और बीएलओ सुपरवाइजर के बारे में भी पूछ सकते हैं। इवीएम एवं वीवीपैट और चुनाव संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बता दें कि मतदाताओं के लिए आयोग ने ऑनलाइन जानकारी भी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
'1950 हेल्पलाइन नंबर'का उपयोग
मतदान से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या और सवालों के निवारण के लिए वोटर '1950' हेल्पलाइन नंबर पर कॉल के साथ-साथ उस पर SMS भी कर सकते हैं। इस नंबर पर कॉल या SMS करने के लिए वोटर को किसी भी तरह का चार्ज नहीं देना पड़ेगा। यह हेल्पलाइन सेवा पूरी तरह से निशुल्क है।
इस तरह करें '1950' पर SMS
सबसे पहले कैपिटल में ECI टाइप करें, इसके बाद स्पेस देकर EPIC Number लिखें। फिर स्पेस देकर अपनी शिकायत या जो जानकारी आप जानना चाहते हैं उसे लिखे। अगर आप इंग्लिश में मैसेज लिखना चाहते हैं तो लिखने से पहले 0 लगाएं और दूसरी किसी क्षेत्रीय भाषा में मैसेज लिखना चाहते हैं तो लिखने से पहले 1 लगाएं। इसके बाद SMS को 1950 पर भेज दें।
कहां पर होता है एपिक नंबर
EPIC Number: एपिक नंबर मतदाता परिचय पत्र पर अंकित होता है।
बता दें कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर हेल्पलाइन नंबर '1950' की विशेषताओं की जानकारी भी ले सकते हैं। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन मोबाइल ऐप या www.nvsp.in पोर्टल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस पर अपनी शिकायत भी दर्ज करवा सकते हैं।
Updated on:
10 Mar 2019 07:58 pm
Published on:
10 Mar 2019 07:18 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
