वन रक्षक भर्ती की महिला अभ्यर्थी का शारीरिक परीक्षण पुरुष गार्ड से करवाए जाने के मामले से सकते में आए वन विभाग ने विभागीय भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच मेडिकल बोर्ड से ही करवाए जाने के निर्देश दिए हैं।
वन रक्षक भर्ती की महिला अभ्यर्थी का शारीरिक परीक्षण पुरुष गार्ड से करवाए जाने के मामले से सकते में आए वन विभाग ने विभागीय भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच मेडिकल बोर्ड से ही करवाए जाने के निर्देश दिए हैं।
चित्तौडग़ढ़ में महिला अभ्यर्थी की जांच पुरुष कार्मिक से करवाने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच, शारीरिक परीक्षण के दौरान मौजूद रही महिला चिकित्सक मालासिंह से सांवलिया जी सामान्य चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
लिखित परीक्षा में सफल महिला अभ्यर्थियों के चित्तौडग़ढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में मंगलवार को हुए शारीरिक परीक्षण के दौरान पुरुष वन रक्षक से ऊंचाई, सीना, वजन आदि की जांच पुरुष वनरक्षक के करने का मामला सामने आने के बाद से ऊपर से नीचे तक विभागीय अधिकारी सकते में है। शारीरिक परीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक को भी तैनात किया गया था, लेकिन पुरुष वन रक्षक महिलाओं की जांच करता रहा और वे देखती रही।
मामला सामने आने के बाद सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. मधुप बक्षी ने गुरुवार को ड्यूटी पर तैनात डॉ. मालासिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इस मामले में वनरक्षक करणपालसिंह यादव को निलंबित किया जा चुका है। मामले की उ च्च स्तरीय जांच शुरू करवा दी गई है। मानवाधिकार आयोग ने भी मामले को गम्भीरता से लिया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी अनुराग भटनागर के अनुसार आयोग की टीम शुक्रवार को दौरा कर सकती है।
इधर, जयपुर में प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. सुरेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि विभागीय भर्ती के लिए किसी भी दशा में महिला अभ्यर्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षण कराने में पुरुष अधिकारी या कर्मचारी की सहायता नहीं ली जाएगी। यह जांच मेडिकल बोर्ड करेगा।
उन्होंने बताया कि महिला अभ्यार्थियों के दक्षता परीक्षण का काम पुरुष कर्मचारी से करवाने के लिए विभाग का कोई निर्देश नहीं था। मामला सामने आने पर दोषी कार्मिक को निलम्बित कर मामले की जांच की जा रही है।
शारीरिक परीक्षण जारी
इधर वन रक्षक भर्ती को लेकर गुरूवार को 250 में से 229 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण में शािमल हुए, इनमें 11 महिला अभ्यर्थी शामिल थी। महिला अभ्यर्थियों का शॉट फुट गोला फेंक, स्टैण्डिंग ब्रॉड जम्प में सफल होने के बाद मेडिकल किया गया।
पुरूष अभ्यर्थियों का क्रिकेट बॉल थ्रो व सिट-अप्स में सफल होने के बाद मेडिकल किया गया। शुक्रवार को पैदल चाल होगी।
वन मंत्री दें इस्तीफा
वन रक्षक भर्ती परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण पुरूष वन रक्षक की ओर से करने के मामले में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव आनन्द सांदू के नेतृत्व में जिला कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण पुरूष कार्मिक की ओर से करने से महिलाओं का अपमान हुआ है।
वनरक्षक को निलंबित कर अधिकारियों व सरकार ने नैतिक कर्तव्यों की इतिश्री का प्रयास किया है। वन रक्षक तो अधिकारियों के निर्देश की पालना कर रहा था। ज्ञापन में वन मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत, प्रेमप्रकाश मंूदड़ा, पूर्व सभापति गीतादेवी योगी, उपसभापति संदीप शर्मा, रमेशनाथ सहित कई कांग्रेसजन शामिल थे।
एनएसयूआई ने भी राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर पुरूष वनरक्षक को महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण के निर्देश देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में महेश गाडरी, विक्रम जाट, मुकेश पारीक, रामनरेश, गोपाल आदि शामिल थे।
मांगा है जवाब
हालाकि चिकित्सक के खिलाफ हमें किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है, लेकिन खबरें आने के बाद उनको नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
डॉ. मधुप बक्षी, पीएमओ, सांवलियाजी राजकीय चिकित्सालय चित्तौडग़ढ़