
नई दिल्ली। बीते सात वर्ष से भी ज्यादा वक्त से निर्भया गैंगरेप और मर्डर केस चल रहा है और फांसी की तारीख मुकर्रर होने के बावजूद दोषियों को सजा नहीं मिल पा रही है। अब जब चारों दोषियों की फांसी में दो दिनों का ही वक्त बचा है, दोषियों के वकील हर संभव कोशिश कर कुछ दिनों की मोहलत जुटाने में लगे हुए हैं। बुधवार को जहां सुप्रीम कोर्ट ने एक दोषी मुकेश की याचिका खारिज की और दूसरे दोषी अक्षय की याचिका पर कल सुनवाई करने को कहा। एक तीसरा दोषी विनय भी अपनी दया याचिका लेकर राष्ट्रपति के पास पहुंच गया।
निर्भया केस के चार दोषियों में से एक विनय कुमार शर्मा के वकील एपी सिंह ने बताया कि उनके मुवक्किल ने भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के समक्ष अपनी दया याचिका पेश की है। अब राष्ट्रपति को इस दया याचिका पर फैसला लेना है।
मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट विनय की क्यूरेटिव पेटिशन पहले ही खारिज कर चुका है। अब उसे राष्ट्रपति के फैसले का इंतजार है।
इससे पहले बुधवार को एक अन्य दोषी अक्षय ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और क्यूरेटिव पेटिशन दायर कर सजा-ए-मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलने की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने इस पेटिशन पर सुनवाई के लिए हामी भरी। बृहस्पतिवार दोपहर 1 बजे जस्टिस जेवी रमन्ना की अध्यक्षता में पांच जजों की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी।
अक्षय की ओर से क्यूरेटिव पेटिशन दायर करने वाले वकील एपी सिंह ने कहा कि मौजूदा याचिका को सुप्रीम कोर्ट को मंजूर करना चाहिए और इसे 5 मई 2017 के आदेश से अलग देखना चाहिए जिसमें दोषियों की फांसी की सजा बरकरार रखी गई थी। अक्षय ठाकुर ने अपनी याचिका में मृत्युदंड को आजीवन कारावास में बदलने की मांग की है।
इसके अलावा बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने एक और दोषी मुकेश की याचिका खारिज कर दी। मुकेश ने सुप्रीम कोर्ट में राष्ट्रपति द्वारा उसकी दया याचिका खारिज किए जाने के फैसले के आदेश को चुनौती दी थी।
Updated on:
30 Jan 2020 09:17 am
Published on:
29 Jan 2020 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
