
See how the terrorist killed in budgam
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के तीन अलग-अलग इलाकों में रविवार को आतंकियों ने तीन बड़े हमलों को अंजाम दिया। इन हमलों में 2 लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर के हैदरपोरा इलाके में आतंकियों ने एक स्थानीय युवक मोहम्मद अमीन डार को गोली मारी थी। अब खबर आ रही है कि अमीन डार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है।
सीने में और पीठ में आतंकियों ने मारी गोली
बताया जा रहा है कि 40 साल के मोहम्मद अमीन डार पीडीपी के स्थानीय नेता थे और पूर्व मंत्री सैयद अल्ताफ बुखारी के काफी करीबी थी। अमीन डार को आतंकियों ने रविवार दोपहर को श्रीनगर के बाहरी इलाके टैंगपोरा में दो गोलियां मारी थी। एक गोली उनके सीने में और दूसरी उनकी पीठ में लगी थी। घायलावस्था में अमीन डार को स्किम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मोहम्मद अमीन डार गंगबुघ इलाके के रहने वाले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलवामा में सब इंसपेक्टर की गोली मारकर हत्या
इसके अलावा आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सब इंसपेक्टर इम्तियाज अहमद मीर की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इम्तियाज अहमद मीर का शव पुलवामा के चीवानकला इलाके से बरामद हुआ था। यहां भी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शोपियां में सेना की पेट्रोलिंग टीम पर हुआ हमला
इसके अलावा दक्षिण कश्मीर के ही शोपियां जिले में आतंकियों ने सेना की पेट्रोलिंग टीम पर भी हमला कर दिया। यहां आतंकियों ने सेना की टुकड़ी पर गश्त के दौरान फायरिंग कर दी। हालांकि सेना के जवानों ने भी आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया और फायरिंग की, लेकिन मौके से आतंकी भाग निकले।
शोपियां, पुलवामा और श्रीनगर में हुए इन हमलों के बाद घाटी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और आतंकी प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
Updated on:
28 Oct 2018 09:19 pm
Published on:
28 Oct 2018 09:19 pm
