
नई दिल्ली। अब से कुछ ही दिन बाद साल 2017 हमेशा-हमेशा के लिए हम सभी को छोड़कर चला जाएगा। अगर 2017 से मिलेंगी तो सिर्फ यादें, यानि 2017 चला तो जाएगा लेकिन वो आपके और हमारे लिए कुछ यादें छोड़ जाएगा। निश्चित तौर पर साल 2017 ने आपको कई हसीन यादें दी होंगी। लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने इस साल अपने खास लोगों को खो दिया। आज हम इस साल देश में हुए प्राकृतिक आपदाओं पर नज़र डालेंगे, जिसमें हज़ारों लोगों ने अपनी जानें गंवा दी।
1. साल के शुरु हुए अभी दो ही दिन पूरे हुए थे कि 3 जनवरी को त्रिपुरा में एक भूकंप आ गया। 5.7 तीव्रता के इस भूकंप ने त्रिपुरा के साथ-साथ पूरे देश की आत्मीय भावनाओं को हिला कर रख दिया था। इस भूकंप ने 50 घरों को तबाह कर दिया। जिसमें 1 की मौत हो गई थी और 5 लोग घायल हुए थे।
2. जनवरी महीने के शुरु होने के साथ ही समस्त उत्तर भारत में शीत लहर ने अपना कहर ढाना शुरु कर दिया था। जिसकी वजह से शिमला में 7, यूपी में 9 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 3 लोग कोहरे का शिकार हुए थे। ये सभी मौतें 3 जनवरी से लेकर 14 जनवरी के बीच हुई थीं।
3. जनवरी महीने में कश्मीर में हुए हिमस्खलन में कुल 25 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वाले लोगों में 2 सेना के अधिकारी और 15 जवान भी शामिल थे।
4. 6 फरवरी को उत्तराखंड में एक बार से धरती अचानक हिलने लग गई। भूकंप के इन झटकों ने पूरे देश को एक बार फिर से 2013 की तबाही को याद दिला दिया था। 5.1 तीव्रता के इस भूकंप ने एक बार फिर से पूरे देश के लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए थे। हालांकि इस भूकंप में किसी हताहत की कोई खबरें नहीं आई थीं।
5. जुलाई महीने में आई बाढ़ ने सबसे पहले उत्तर भारत को अपना निशाना बनाया। जिसमें असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर प्रभावित हुए थे। ब्रह्मपुत्र नदी में आई इस बाढ़ ने 85 लोगों की ज़िंदगियां छीन लीं। जबकि 5 लाख से ज़्यादा लोग बेघर हो गए थे।
6. इसी महीने गुजरात में भी बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई। जुलाई में आई बाढ़ ने गुजरात के 224 लोगों को मौत की नींद सुला दिया था। जबकि 16 लोगों की मौत गुजरात के सटे राजस्थान में भी हुई थीं।
7. जुलाई और अगस्त के महीने में ही बाढ़ ने बंगाल को भी चपेट में ले लिया था। जिसमें 53 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पड़ोसी राज्य झारखंड के कुछ इलाकों में भी बंगाल की बाढ़ ने 8 लोगों की जीवन लीला समाप्त कर दी थी।
8. मानसून के नाम पर देश में तबाही मचा रही बाढ़ बिहार तक भी पहुंच गई थी। इस साल की बाढ़ ने सबसे ज़्यादा नुकसान बिहार में ही किया। बिहार में बाढ़ की वजह से 514 लोगों की मौत हो गई थी। इसने करीब 1.17 करोड़ लोगों को प्रभावित किया था, जबकि करीब 9 लाख लोग बेघर हो गए थे।
Published on:
18 Dec 2017, 2:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.