
इराक पर हमले की कोशिश की तो ईरान पर अमरीका करेगा बड़ी कार्रवाई
वॉशिंगटन। अमरीका ने ईरान को धमकी देते हुए कहा है कि यदि उसके सहयोगियों की ओर से इराक में कोई भी हमला होता है तो उसके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। अमरीका ने कहा कि यदि इराक में उसके किसी नागरिक को चोट पहुंचती है तो ईरान के खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में प्रेस सेक्रटरी ने ईरान पर बसरा में अमेरिकी काउंसलेट और बगदाद में दूतावास के पास हुए हमलों को न रोकने का आरोप लगाया।
हमलों को रोकने का प्रयास नहीं किया
व्हाइट हाउस ने कहा है कि ईरान ने अपनी छद्म ताकतों द्वारा अंजाम दिए गए हमलों को रोकने का प्रयास नहीं किया। इन लोगों को ईरान ने ही फंडिंग और ट्रेनिंग दी। इसके अलावा हथियार भी मुहैया कराए। बयान में कहा गया है कि यदि अमरीकी सरकार के किसी व्यक्ति को कोई चोट आती है या फिर कोई नुकसान पहुंचता है तो फिर उसकी जिम्मेदारी ईरान की होगी। ऐसा कुछ होने पर अमरीकियों की जान बचाने को हम निर्णायक और कठोर कार्रवाई करेंगे।
इलाके में पहली बार मोर्टार से हमला हुआ
गौरतलब है कि शुक्रवार को इराकी सेना ने कहा था कि बगदाद के ग्रीन जोन कहे जाने वाले इलाके में तीन मोर्टार बम पाए गए। हालांकि इन बमों के चलते कोई नुकसान नहीं हुआ है। बीते कई सालों में यह पहला मौका है,जब बगदाद के ग्रीन जोन कहे जाने वाले इलाके में मोर्टार से हमला हुआ। इस इलाके में ही संसद, सरकारी इमारतें और तमाम देशों के दूतावास माजूद हैं। बसरा में एयरपोर्ट के पास ही अमेरिकी काउंसलेट मौजूद है,जहां शनिवार को रॉकेट से अटैक हुआ था। हालांकि इस अटैक में भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
Published on:
14 Sep 2018, 3:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.