2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रियंका का डंका: भारतीय मूल की बेटी न्यूजीलैंड सरकार में बनी मंत्री, प्रधानमंत्री जेसिंडा के 5 सदस्यों वाले मंत्रिमंडल में मिली जगह

Highlights. पहली बार भारतीय मूल के किसी न्यूजीलैंड नागरिक को सरकार में बनाया गया मंत्री 41 साल की प्रियंका का जन्म केरल के एर्नाकुलम में हुआ, पढ़ाई-लिखाई पहले सिंगापुर और फिर न्यूजीलैंड में हुई जेसिंडा अर्डर्न ने अपनी सरकार में प्रियंका को सामाजिक विकास, युवा मामले और स्वयंसेवी विभाग की कमान सौंपी है

3 min read
Google source verification
priyanca_radhakrishnan_with_jecinda.jpeg

नई दिल्ली.

भारतीय प्रतिभा का डंका समूचे विश्व में बज रहा है। सोमवार को भारतीय मूल की प्रियंका राधाकृष्णन (Priyanca Radhakrishnan) को न्यूजीलैंड में जेसिंडा अर्डर्न सरकार में मंत्री बनाया गया। वे सामाजिक विकास, युवा मामलात व स्वयंसेवी विभाग का काम देखेंगी। जेसिंडा ने मंत्रिमंडल में 5 मंत्रियों को शामिल किया है। ऐसा पहली बार है, जब भारतीय मूल के राजनेता को सरकार में शामिल किया गया है।


41 वर्षीय प्रियंका मूल रूप से केरल में एर्नाकुलम के पारावूर की निवासी हैं। प्रियंका ने स्कूल तक सिंगापुर में पढ़ाई की। आगे की पढ़ाई के लिए वह न्यूजीलैंड गईं, जहां उन्होंने सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेना भी शुरू किया। उन्होंने लगातार घरेलू हिंसा की पीडि़त महिलाओं और शोषण का शिकार हुए प्रवासी मजूदरों के लिए आवाज उठाई।

पति के साथ ऑकलैंड में रहती हैं

प्रियंका सितम्बर, 2017 में लेबर पार्टी की ओर से पहली बार वह संसद की सदस्य चुनी गई थीं। 2019 में उन्हें जेसिंडा सरकार में जातीय समुदायों के लिए संसदीय निजी सचिव नियुक्त किया गया था। ‘न्यूजीलैंड हेराल्ड’ समाचार पत्र के मुताबिक प्रियंका न्यूजीलैंड में भारतीय मूल की पहली मंत्री हैं। वह अपने पति के साथ ऑकलैंड में रहती हैं।

केरल से अब भी जुड़ाव

प्रियंका राधाकृष्णन की मां के दादा कोच्चि में चिकित्सक थे। केरल की संस्कृति से वे अब भी जुड़ी हुई हैं। उन्हें मलयालम गीत बेहद पसंद हैं। येसुदास उनके पसंदीदा गायक हैं। प्रियंका का भारत से खासा लगाव है। न्यूजीलैंड में भी वे भारतीय संगठनों से जुड़ी हैं। वे भारतीय त्योहार धूम-धाम से मनाती हैं। केरल की स्वास्थ्य मंत्री शैलजा टीचर ने भी प्रियंका को मंत्री बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी हैं। प्रियंका के मंत्री बनने से भारत के साथ न्यूजीलैंड के संबंधों को नई दिशा मिलने की संभावना है।

नई प्रतिभाएं निखारेंगी भविष्य: जेसिंडा

प्रधानमंत्री जेसिंडा ने सोमवार को नए मंत्रियों की घोषणा करते हुए कहा, मैं कुछ नई प्रतिभाओं और जमीनी स्तर का अनुभव रखने वाले लोगों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर उत्साहित हूं। कोरोना के बाद उपजे हालात में हमारा ध्यान न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर होगा।

कई देशों की सियासत में भारतीयों का बढ़ा दबदबा

दुनियाभर में भारतीय मूल के राजनीतिज्ञों की धूम है। ब्रिटेन, कनाडा, फिजी, आयरलैंड, गुयाना, मलेशिया आदि देशों में भारतीय मूल के राजनेता सरकार में उच्च पदों पर आसीन हैं अथवा पूर्व में रह चुके हैं।

ब्रिटेन-

भारतीय मूल के रिषी सुनक ब्रिटेन में कंजरवेटिव पार्टी के सांसद हैं। उन्हें फरवरी 2020 में ब्रिटेन का वित्त मंत्री बनाया गया। प्रीती पटेल व आलोक शर्मा भी मंत्रिमंडल के सदस्य है।

कनाडा -

प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूड्यू ने हाल ही में भारतीय मूल के चार सांसदों अनीता आनन्द, नवदीप बैंस, बर्दिश छग्गर और हरजीत स’जन को अपने मंत्रीमंडल में शामिल किया है।

फिजी -

दक्षिणी प्रशांत महासागर में स्थित इस देश में भारतीय मूल के महेन्द्र चौधरी 1999 में प्रधानमंत्री बने। उनके पास यह जिम्मेदारी कुछ ही समय के लिए रही। एक वर्ष बाद ही सैन्य विद्राह के कारण उन्हें पद छोडऩा पड़ा। वर्ष 2006 में उन्हें वित्त मंत्री बनाया गया।

आयरलैंड -

भारतीय मूल के पिता की संतान लिओ वाराडकर 2017-2020 तक में आयलैंड में प्रधानमंत्री रहे। इससे पूर्व भी वे वहां विभिन्न मंत्रालय संभाल रहे थे।

मॉरिशस -

भारतीय मूल के प्रविंद कुमार जगन्नाथ 23 जनवरी 2017 को मॉरिशस के प्रधानमंत्री बने। इससे पहले भी वे विभिन्न मंत्रालय तथा नेता विपक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। प्रविंद के पिता अनिरुद्ध जगन्नाथ मॉरीशस के प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रपति दोनों पदों की जिम्मेदारी उठा चुके हैं।

पुर्तगाल -

भारतीय मूल के पुर्तगाली एन्टोनियो कोस्टा वर्तमान में पुर्तगाल के प्रधानमंत्री हैं। वे मशहूर लेखक ऑरलांडो डा कोस्टा के पुत्र हैं। इनका संबंध गोवा के पुर्तगाली समुदाय से है।

Story Loader