
International Yoga Day 2021
नई दिल्ली। योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। 21 जून को हर साल मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पूरे विश्व में तैयारियां हो रही हैं। इसकी पहल देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने की थी। 21 जून 2015 से ये हर साल मनाया जा रहा है।
हर साल योग दिवस की थीम अलग-अलग होती है। इस साल योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर वेलबिइंग’ है यानी ‘स्वास्थ्य के लिए योग’। बीते साल यानि 2020 में कोरोना वायरस की वजह से लोगों को घर में रहने की हिदायत दी गई थी। उस समय योग दिवस की थीम थी योगा एट होम एंड योगा विद फैमली यानि ‘घर में रहकर परिवार के साथ योग करें'।
177 सदस्यों द्वारा रखा था प्रस्ताव
पीएम नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस दिन को मनाने की पहल की थी। इसके बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का ऐलान किया गया। संयुक्त राष्ट्र में 177 सदस्यों द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने का प्रस्ताव रखा गया था। इसे 90 दिनों के अंदर पूरे बहुमत के साथ पारित किया गया। संयुक्त राष्ट्र संघ में किसी दिवस प्रस्ताव के लिए सबसे कम समय है।
21 जून को क्यों मनाते हैं योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए 21 जून का दिन तय करने के पीछे खास वजह है। 21 जून का दिन साल के 365 दिनों में सबसे बड़ा होता है। यह मानव के लंबे जीवन को दर्शाता है। इस दिन सूर्य जल्दी उदय हो जाता है और देर से ढलता है। माना जाता है कि इस दिन सूर्य सूर्य का ताप सबसे अधिक प्रभावी होता है। प्रकृति की सकारात्मक ऊर्जा सक्रिय रहती है।
पौराणिक कथाओं में ऐसा कहा गया है कि योग का सबसे पहला उल्लेख भगवान शिव द्वारा उनके सात शिष्यों के बीच दिया गया। इन सप्त ऋषियों की ग्रीष्म संक्रांति के बाद आने वाली पहली पूर्णिमा के दिन योग की दीक्षा दी गई थी।
योग दिवस का महत्व (Yoga Day Significance)
योग न सिर्फ शरीर से बल्कि मानव को मानसिक रूप से भी बलवान बनाता है। इससे निरोग रहने में मदद मिलती है। योग में विभन्न प्रकार के आसनों को करने से हम बीमारियों से दूर रह सकते हैं। योग इंसान की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ता है। इसका पालन करने से कोई भी लंबी आयु के साथ स्वस्थ रह सकता है। योग दिवस का उद्देश्य लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है।
कोरोना काल में योग बेहद जरूरी
कोरोना महामारी के दौर में योग और भी जरूरी हो जाता है। ये हमारे स्नायू तंत्र को मजबूत बनाता है। महामारी के दौरान लोगों में सबसे अधिक परेशानी आक्सीजन को लेकर हुई। लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। योग हमारे फेफड़ों को मजबूत करने के साथ संक्रमण से बचाव में भी मदद करता है। इसके साथ योगा आसन से शरीर की इम्यूनिटी पर भी असर पड़ता है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता ज्यादा हो जाती है।
Published on:
19 Jun 2021 02:08 pm

बड़ी खबरें
View Allविश्व की अन्य खबरें
विदेश
ट्रेंडिंग
