
मुरादाबाद में नर्स को बंधक बनाकर रेप करने का आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार।
कोलकाता में एक महिला डॉक्टर के साथ अस्पताल के अंदर हुई रेप और हत्या के मामले को लेकर पूरे देशवासियों के मन में गुस्सा है। ये मामला अभी ठीक से शांत नहीं हुआ था कि यूपी से एक और मामला सामने आ गया। यूपी के मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में शनिवार की रात डॉक्टर ने नर्स को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। रविवार को नर्स ने अपने परिवार वालों को पूरी बात बताई। पुलिस ने नर्स के पिता की तहरीर पर डॉक्टर सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
नर्स के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 20 साल की बेटी ठाकुरद्वारा-काशीपुर रोड स्थित एक अस्पताल में पिछले 10 महीने से नर्स की जॉब कर रही थी। आरोप है कि हॉस्पिटल के डॉक्टर ने नर्स को अपने कमरे बुलाया। जब लड़की ने वहां जाने से मना कर दिया तो वार्ड बॉय जुनैद और एक महिला स्टाफ मेहनाज उसे जबरदस्ती डॉ. शाहनवाज के अस्पताल के ऊपर बने कमरे में ले गए। कमरे में नर्स को धकेलते हुए बाहर से उन्होंने दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद रात में डॉक्टर ने नर्स के साथ दुष्कर्म किया। बाद में डॉक्टर ने उसे जान से मारने की बात कहते हुए मुंह बंद रखने की धमकी दी। सुबह जब हेड नर्स आई तो डॉक्टर ने दबाव बनाने के लिए उससे पीड़िता की शिकायत भी की। इसके बाद उसे घर भेज दिया।
ठाकुरद्वारा कोतवाली प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि नर्स और वार्ड बॉय समेत डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं मुरादाबाद एसएसपी सतपाल अंतिल ठाकुर ने बताया कि घटना संवेदनशील है। पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई। तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।
Updated on:
21 Aug 2024 07:47 pm
Published on:
19 Aug 2024 10:13 am

बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
