
मुरादाबाद में सुबह से बारिश ने बढ़ाई सर्दी | Image - Pinterest
UP Rains Alert Moradabad: उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए तेज रफ्तार आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। सुबह से ही कई जिलों में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं का असर महसूस किया गया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रविवार सुबह करीब 7 बजे से बारिश हो रही है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और सर्दी के साथ गलन भी बढ़ गई है। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है, वहीं सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन भर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर खुले इलाकों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। दो फरवरी को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बताई गई है।
शनिवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान करीब 8.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आए इस बदलाव के कारण ठंड और गलन में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
तेज हवा और बारिश के दौरान जर्जर मकानों, दीवारों, पेड़ों और होर्डिंग्स के नीचे खड़े होना बेहद खतरनाक हो सकता है। कई इलाकों में निर्माण कार्य भी चल रहा है, ऐसे में निर्माण स्थलों के आसपास रुकना भी जानलेवा साबित हो सकता है। टिनशेड और अस्थायी ढांचों के नीचे शरण लेने से बचने की हिदायत दी गई है। सुरक्षित और पक्के निर्माण वाले स्थानों पर ही रुकना बेहतर रहेगा।
पालतू और दुधारू जानवरों को खुले स्थानों में रखने से बचें और उन्हें बंद व सुरक्षित जगहों पर रखें। बारिश और बिजली गिरने की स्थिति में घरों के बिजली से चलने वाले उपकरण बंद कर देना सुरक्षित माना जाता है। खिड़कियों और दरवाजों को भी बंद रखें, खासकर कांच वाली खिड़कियों के पास खड़े न हों, क्योंकि तेज हवा के साथ उड़ने वाला सामान कांच तोड़कर नुकसान पहुंचा सकता है।
Published on:
01 Feb 2026 09:10 am

बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
