2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

युवतियों के सहारे चला रहा था गांजा तस्करी: मुरादाबाद में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 26 किलो नशा बरामद

Moradabad Crime: यूपी की मुरादाबाद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मेरठ की युवती समेत तीन आरोपितों को 26.380 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification
moradabad interstate ganja smuggling bust

मुरादाबाद में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़..

Ganja smuggling bust Moradabad: मुरादाबाद जिले की नागफनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मेरठ की एक युवती समेत तीन आरोपितों को 26.380 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई से पश्चिम बंगाल से मुरादाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैले नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से अलग-अलग जिलों में गांजे की आपूर्ति कर रहा था और युवतियों को आगे रखकर तस्करी को अंजाम देता था।

सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि नागफनी पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप सप्लाई करने के लिए पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और बंगला गांव चौराहे से कैंप चौकी की ओर जाने वाले रास्ते पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस की सतर्कता के चलते वहां खड़ी एक युवती और उसके दो साथियों को शक के आधार पर रोका गया।

तलाशी में सामने आई नशे की बड़ी खेप

पुलिस टीम ने जब तीनों की तलाशी ली तो उनके पास से 26.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनमें तस्करी से जुड़े कई अहम संपर्क और कॉल डिटेल्स होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा की जांच से गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

आरोपितों की पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के सेतुलकूची थाना क्षेत्र के गांव गोलन आवटी निवासी मुफीजुल रहमान, मुजफ्फरनगर जिले के ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चोरावाला निवासी अमरित और मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर निवासी युवती सोनम के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों अलग-अलग जिलों में रहकर नशे की सप्लाई से जुड़े हुए थे और आपस में लगातार संपर्क में रहते थे।

नोएडा से संचालित हो रहा था नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना मुफीजुल रहमान है, जो वर्तमान में नोएडा में रहकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। वही पश्चिम बंगाल से गांजा मंगवाकर मुरादाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करवाता था। अमरित और उसकी रिश्तेदार सोनम उसकी मदद करते थे और नशे की खेप को आगे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते थे।

युवतियों को बनाते थे ढाल

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह का तरीका यह था कि वे युवतियों को अपने साथ रखते थे ताकि शक कम हो और पुलिस या स्थानीय लोगों की नजर में न आएं। इस रणनीति के जरिए वे लंबे समय तक नशे की तस्करी को अंजाम देते रहे। हालांकि इस बार नागफनी पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

आगे की कार्रवाई

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की सप्लाई किन-किन जिलों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Story Loader