
मुरादाबाद पुलिस ने बिछाया गो-तस्करों के लिए जाल!
Cow smuggler encounter Moradabad: मुरादाबाद जनपद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव खानपुर लक्खी के जंगल में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस टीम और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर जंगल में गोवंशीय पशुओं को काटने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जंगल के भीतर संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को आता देख गो तस्करों ने घबराहट में अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पर सीधे गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से कुछ देर तक गोलियां चलती रहीं। जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घायल पड़े दोनों तस्करों को मौके पर ही काबू में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मेहंदी हसन निवासी चमरौआ और शराफत निवासी खानपुर लक्खी, थाना मूंढापांडे के रूप में हुई। दोनों के पैरों में गोली लगी है। घायल होने के कारण उन्हें तुरंत पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, गोवंशीय पशु काटने के औजार और एक जीवित बछड़े को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि तस्कर मौके पर गोवंशीय पशु को बांधकर गोकशी की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत बछड़े को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बरामदगी से साफ है कि यह संगठित तरीके से की जा रही गो तस्करी का मामला है।
मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट टीम और सीओ हाईवे राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरे ऑपरेशन की जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि गो तस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ जिले में अभियान और तेज किया जाएगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
02 Mar 2026 12:37 pm
Published on:
01 Mar 2026 08:11 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
