
Latest Moradabad Crime News
Latest Moradabad Crime News: साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में निवेष कराके मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र निवासी पंचायत राज विभाग के अधिकारी से 48 लाख 52 हजार 622 रुपये ठग लिए।
आरोपियों ने अलग-अलग बहाने से 42 बार में यह रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराई। बाद में मोबाइल फोन बंद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने छह कथित नाम वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुरादाबाद जिले के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बहादुरनगर निवासी चंद्रपाल सिंह पंचायत राज विभाग में एडीओ पंचायत के पद पर डिलारी ब्लॉक में तैनात हैं। चंद्रपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 8 फरवरी 2024 को उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया कि वह ग्राहक न्याय बोर्ड से बोल रहा है। आरोपी ने चंद्रपाल को बताया कि आपकी एलआईसी में दो पॉलिसी चल रही हैं। पॉलिसी का पैसा शेयर मार्केट में लग रहा है, जिस कारण पॉलिसी में धनराशि कम रह गई है।
इसके बाद उसने कहा कि आपके कैश की फाइल एलआईसी के फंड मैनेजर राहुल देख रहे हैं। इसके बाद दूसरे नंबर से कॉल आई और उसने बताया कि वह फंड मैनेजर राहुल बोल रहा है। उसने बताया कि आपके एजेंट ने आपको गलत पॉलिसी दिलवा दी है। जिस कारण पैसा शेयर मार्केट में जा रहा है। इसके बाद उसने कहा कि भारत सरकार से अनुबंधित बजाज एलायंज में 46 हजार रुपये की एक पॉलिसी करा लें, जिससे आपके एलआईसी की पॉलिसी ठीक हो जाएगी।
आरोपियों के बताए खाते में पीड़ित ने 46 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर करा दी। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि हमारी कंपनी को शेयर मार्केट में टेंडर मिला है। जिसमें रकम जमा करने पर मोटा मुनाफा होगा। ठगों ने चंद्रपाल को अपनी बातों में उलझा लिया और आठ फरवरी से लेकर 15 जुलाई तक तरह-तरह का झांसा देकर उनसे रकम ट्रांसफर कराते रहे। बाद में आरोपियों ने बताया कि शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश करने से आपकी रकम 5 करोड़ 22 लाख 67 हजार 984 रुपये हो गई है। जिसका टैक्ट 71 लाख रुपये बना है। इसके बाद कहा कि फाइलों को टैक्स फ्री कराने के लिए पोर्ट मैनेजर का चार्ज 21 लाख 96 हजार 393 रुपये जमा करना होगा। बाद में कहा कि आपके 40 फीसदी टैक्स का पैसा पोर्ट मैनेजर को थर्डपार्टी से भुगतान करा देंगे। शेष 60 फीसदी 12 लाख 83 हजार रुपये आपको जमा करने होंगे।
आरोपियों के झांसे में आकर वह रकम भी चंद्रपाल ने ट्रांसफर कर दी। पीड़ित चंद्रपाल के अनुसार इस तरह आरोपियों ने 42 बार में कुल 48 लाख 52 हजार 622 रुपये उनसे ट्रांसफर करा लिए। इतनी मोटी रकम देने के बाद भी उनके खाते में कोई पैसा नहीं आया। जबकि पीड़ित ने लोन लेकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर यह रकम जमा की थी। पीड़ित के अनुसर इस दौरान अलग-अलग नंबर से राहुल, रक्ष मेहता, संजीव दुग्गल, अनिकेत भारद्वाज, रवि बालियान और दिलीप कटारिया नाम के व्यक्ति ने उससे अधिकारी बनकर बात की। बाद में सभी के नंबर बंद आने लगे, जिसके बाद ठगी का अहसास हुआ और साइबर थाने में पहुंच कर तहरीर दी।
साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि तहरीर क आधार पर साइबर थाना पुलिस ने छह कथित नामजद अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। साइबर थाने की टीम मामले की जांच कर रही है।
Published on:
02 Aug 2024 07:18 am

बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
