
मुरादाबाद का वो मामला जिसने सबको हिला दिया | AI Generated Image
Youth arbaz body exhumed in Moradabad: मुरादाबाद जिले के भगतपुर टांडा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब अधिकारियों की मौजूदगी में दो महीने पहले दफनाए गए 20 वर्षीय युवक अरबाज का शव कब्र से निकाला गया। परिजनों की मांग पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
जानकारी के अनुसार, अरबाज पुत्र खलील लगभग दो माह पूर्व गांव के ही एक युवक के साथ मजदूरी करने के लिए भोपाल गया था। परिवार को कुछ ही दिनों बाद सूचना मिली कि अरबाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। गमगीन परिवार ने बिना किसी कार्रवाई के शव को गांव लाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
अरबाज के परिजनों का कहना है कि मौत के बाद उन्हें पता चला कि युवक को जहर देकर मारने की साजिश रची गई थी। आरोप है कि भोपाल में मौजूद साथियों ने ही अरबाज को जहर खिलाया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और अंततः उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि गम में डूबे होने के कारण वे तत्काल कोई कानूनी कदम नहीं उठा पाए थे।
परिजनों की शिकायत और मांग को देखते हुए प्रशासन ने शव को कब्र से निकालने की अनुमति दी। मंगलवार सुबह पुलिस, नायब तहसीलदार, सीओ ठाकुरद्वारा और सीएचसी प्रभारी समेत अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और कानूनी औपचारिकताओं के बीच शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अब इस रिपोर्ट से मौत की असली सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
गांव में इस घटना को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है। परिवार का साफ कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो अरबाज की मौत की गुत्थी को सुलझाने में अहम भूमिका निभाएगी।
Published on:
16 Sept 2025 08:10 pm

बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
