29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जेयू परीक्षाओं में बड़े स्तर पर नकल, मुरैना में 16 नकल प्रकरण बनाए

जेयू से आई टीम का सबलगढ़ कॉलेज मे नकल एकत्रित करते सीसीटीवी फुटेज वायरल, जिले के कुछ परीक्षा केन्द्रों पर नकल माफिया हावी, नहीं रुक रही नकल

2 min read
Google source verification

जेयू से आई टीम का सबलगढ़ कॉलेज मे नकल एकत्रित करते सीसीटीवी फुटेज वायरल, जिले के कुछ परीक्षा केन्द्रों पर नकल माफिया हावी, नहीं रुक रही नकल

मुरैना. जीवाजी विश्व विद्यालय परीक्षाओं को लेकर कुल गुरू की सख्ती मुरैना में काम नहीं आई। शासकीय नेहरू डिग्री कॉलेज सबलगढ़ मुरैना परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे विश्व विद्यालय के उडऩदस्ता ने छापामार कार्यवाही की। इस दौरान बड़ी मात्रा में सीरीज व पर्चियां कॉलेज से मिली। कॉलेज परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उन कैमरों में कॉलेज परिसर में बड़ी मात्रा में नकल मिलने का फुटेज वायरल हो रहे हैं। जेयू के दल ने 16 परीक्षार्थियों के नकल प्रकरण बनाए हैं, जिनमें 13 छात्राएं शामिल हैं।


विश्व विद्यालय ने इस बार प्राइवेट कॉलेजों के परीक्षा केन्द्र सरकारी कॉलेजों में किए हैं। जिसके चलते माफिया कमजोर हुुआ है लेकिन कुछ केन्द्रों पर माफिया के लोग सेटिंग बैठा रहे हैं, कुछ केन्द्रों पर पटरी बैठ गई है। सबलगढ़ कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष में हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षा थी। जीवाजी विश्व विद्यालय से दो टीम मुरैना आई। जिनमें से एक टीम सबलगढ़ कॉलेज पहुंची। यहां केन्द्र पर कक्ष के अंदर व बाहर बड़ी मात्रा में नकल मिली है। परीक्षा केन्द्र में लगे कैमरों में भी परीक्षार्थी नकल करते और विश्व विद्यालय टीम के सदस्य सीरीज एकत्रित करके हाथ में लिए दिखाई दे रहे हैं। टीम के सदस्य डॉ. त्रिलोक चाहर अपने हाथों में बड़ी मात्रा में नकल लेकर प्राचार्य के सामने खड़े नजर आ रहे हैं।

लड़कियों की नहीं हो रही प्रोपर सर्चिंग

कॉलेज प्रबंधन का कहना हैं कि सुबह की पाली में 600 और शाम को 400 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। लड़कियों की सर्चिंग के लिए सिर्फ दो का ही महिला स्टाफ है। इसलिए प्रोपर सर्चिंग नहीं हो पा रही है, इसलिए लड़कियां नकल में अव्वल हैं। यहां तीन स्थायी प्राध्यापक हैं इसलिए शिक्षा विभाग से शिक्षक लिए गए हैं।

इन केन्द्रों पर भी सख्ती की आवश्यकता

जिले के परीक्षा केन्द्र शासकीय पी जी कॉलेज, आर जी कॉलेज, सबलगढ़ नेहरू कॉलेज, जौरा डिग्री कॉलेज, दिमनी व रजौधा परीक्षा केन्द्रों पर प्राइवेट कॉलेज संचालकों ने कॉलेज प्रबंधन से सेटिंग कर ली है। चर्चा है कि इन केन्द्रों पर सख्ती में ढील दी जा रही है। जबकि शासकीय लॉ कॉलेज व शासकीय कन्या महाविद्यालय में सख्ती है।

जीवाजी विश्व विद्यालय की दो टीम मुरैना में चेकिंग करने आई थीं। एक जिला मुख्यालय पर और एक सबलगढ़ नेहरू कॉलेज पहुंची। नेहरू कॉलेज में 16 परीक्षार्थी नकल करते पाए गए, उनका केस बनाया गया।

डॉ. त्रिलोक चाहर, सदस्य, जेयू उडऩदस्ता

यूनिवर्सिटी के उडऩदस्ते ने 16 परीक्षार्थियों के नकल प्रकरण बनाए हैं, उनमें से 13 लड़कियां हैं। महिला स्टाफ सिर्फ दो ही हैं, इसलिए लड़कियों की प्रोपर सर्चिंग नहीं हो पा रही है फिर भी अगले पेपर से हम और सख्ती करेंगे।

डॉ. राजेश मौर्य, प्रभारी प्राचार्य, शासकीय नेहरू कॉलेज, सबलगढ़

सबलगढ़ नेहरू कॉलेेज में नकल के वीडियो वायरल होने की जानकारी मीडिया से मिली है। मैंने प्राचार्य सबलगढ़ से बात की है, बताया है कि 16 नकल प्रकरण बनाए हैं, उनमें लड़कियां ज्यादा हैं। प्राचार्य सबलगढ़ को परीक्षाओं में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं और अगले पेपर में मैं स्वयं टीम के साथ निरीक्षण करने जाऊंगा।

डॉ. जी एस उच्चारिया, प्राचार्य, शासकीय लीड कन्या महाविद्यालय, मुरैना